LSG vs KKR: आखिरी गेंद पर टाई, सुपर ओवर में कोलकाता की जीत; इकाना में लखनऊ की लगातार 8वीं हार
LSG vs KKR मुकाबले में रोमांच की सारे हदें पार, कोलकाता ने लखनऊ को सुपर ओवर में हराया। जानिए इस मैच की पूरी कहानी।

LSG vs KKR Match Report: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 38वां मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें सुपर ओवर में कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया। एक समय लखनऊ की टीम आसान जीत की तरफ बढ़ रही थी लेकिन फिर लगातार विकेटों के गिरने से कोलकाता की टीम ने मैच में शिकंजा कस लिया। लेकिन फिर आखिरी ओवर में कार्तिक त्यागी ने 17 रन खर्च कर दिए। इस दौरान मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा, जिससे मैच सुपर ओवर में पहुंच गया ।
KKR की खराब शुरुआत, 73 के स्कोर तक आधी टीम आउट
टॉस हारने के बाद, पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही टीम ने तीन अहम विकेट गंवा दिए। कप्तान अजिंक्य रहाणे (10) और टिम साइफर्ट (0) बिना कुछ खास किए पवेलियन लौट गए। अंगकृष रघुवंशी भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और उन्हें ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड के तहत आउट दे दिया गया जिससे KKR दबाव में आ गई।
मिडिल ऑर्डर भी फ्लॉप रहा। कैमरून ग्रीन (34) के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। लगातार विकेट गिरने से टीम 100 रन तक पहुंचने में भी संघर्ष कर रही थी।
रिंकू सिंह की तूफानी पारी से सम्मानजनक स्कोर
मुश्किल स्थिति में रिंकू सिंह ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को संभाला। उन्होंने 83 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। इस दौरान रिंकू ने लगातार चार छक्के अंतिम ओवर में लगाए। इस तूफानी पारी की बदौलत KKR ने 20 ओवर में 155/7 का स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में मोहसिन खान ने कमाल किया और 5 विकेट झटके।
ठोस शुरुआत के बाद, लखनऊ की पारी लड़खड़ाई
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही। एडन मार्करम (31) और कप्तान ऋषभ पंत (42) ने टीम को संभालने की कोशिश की और बीच में अच्छी साझेदारी की। हालांकि, जैसे ही ये दोनों बल्लेबाज आउट हुए, LSG की पारी लड़खड़ा गई। निकोलस पूरन और अन्य बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के चक्कर में विकेट गंवाते चले गए, जिससे मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें: DC vs RCB Pitch Report- जानें कैसा रहेगा पिच का मिजाज, कौन मार सकता है बाज़ी?
आखिरी ओवर में ड्रामा, मैच हुआ टाई
आखिरी ओवर में LSG को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। इस ओवर में कार्तिक त्यागी ने काफी खराब गेंदबाजी की और मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो गया। अंतिम गेंद पर मोहम्मद शमी ने छक्का लगाकर स्कोर बराबर कर दिया और मैच टाई हो गया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 155/8 का स्कोर बनाया और मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंच गया।
LSG vs KKR: सुपर ओवर का रोमांचक हाल
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सुनील नरेन ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को बोल्ड कर दिया। इसके बाद ऋषभ पंत सिर्फ 1 रन बना सके और तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम कैच आउट हो गए। इस तरह LSG सुपर ओवर में सिर्फ 1 रन ही बना सकी।
जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से बल्लेबाजी करने आए रिंकू सिंह ने बिना कोई समय गंवाए प्रिंस यादव की पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। इसी चौके की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में शानदार जीत दर्ज कर ली। वहीं, लखनऊ की टीम को अपने होम ग्राउंड इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लगातार आठवीं हार का सामना करना पड़ा।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




