मुंबई इंडियंस से विदाई के बाद महेला जयवर्धने की नई पारी, दिल्ली कैपिटल्स ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंसा को अपने कोचिंग कार्यकाल में बड़ी सफलता दिलाने वाले महेला जयवर्धने को अब दिल्ली कैपिटल्स में एक खास जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Mahela Jayawardene Takes on a Key Role at Delhi Capitals: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी कोचिंग से तीन बार मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनाने वाले श्रीलंका के दिग्गज महेला जयवर्धने अब एक नई जिम्मेदारी के साथ नजर आने वाले हैं। मुंबई इंडियंस से अलग होने के बाद जयवर्धने ने दिल्ली कैपिटल्स का हाथ थाम लिया है। हालांकि, इस बार उनका मिशन IPL नहीं, बल्कि महिला प्रीमियर लीग (WPL) होगा। दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी WPL 2027 सीजन से पहले उन्हें अपनी महिला टीम का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया है।
महेला जयवर्धने को दिल्ली कैपिटल्स में मिली अहम पद
दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार, 20 नवंबर को महेला जयवर्धने की नियुक्ति का आधिकारिक ऐलान किया। अपनी नई भूमिका में जयवर्धने टीम से जुड़े सभी क्रिकेटिंग मामलों की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसमें टीम की रणनीति तैयार करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना और खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ के विकास पर काम करना शामिल है।
WPL में दिल्ली को पहली बार चैंपियन बनाने की होगी जिम्मेदारी
दिल्ली कैपिटल्सकी महिला टीम WPL की शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करती आई है। टीम ने टूर्नामेंट के पहले चारों सीजन के फाइनल में जगह बनाई, लेकिन हर बार खिताब जीतने से चूक गई। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने अब अपने साथ एक ऐसे क्रिकेटिंग दिमाग को जोड़ा है, जिसके पास टीमों को चैंपियन बनाने का शानदार अनुभव है।
जयवर्धने अब हेड कोच जोनाथन बैटी और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मिलकर टीम को आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार करेंगे। फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव दिल्ली के खिताबी सूखे को खत्म करने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुंबई इंडियंस के साथ जीते थे तीन IPL खिताब
महेला जयवर्धने का मुंबई इंडियंस के साथ शानदार रिश्ता रहा है। उन्होंने पहली बार 2017 में टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। उनकी कोचिंग में मुंबई इंडियंस ने 2017, 2019 और 2020 में IPL का खिताब अपने नाम किया।
यह भी पढ़े- राजस्थान रॉयल्स को अब जरूर हो रहा होगा पछतावा! रिलीज होते ही इस खिलाड़ी ने मचाया तहलका
इसके बाद वह 2022 में मुंबई इंडियंस के ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस की भूमिका में चले गए थे। हालांकि, 2025 में उन्होंने एक बार फिर टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली। IPL 2026 में मुंबई के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने उनसे अलग होने का फैसला किया और कीरोन पोलार्ड को नया हेड कोच नियुक्त किया।
महेला जयवर्धने ने दिल्ली कैपिटल्स में जुड़ने पर जताई खुशी
दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने पर जयवर्धने ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स की अपनी एक मजबूत पहचान और महिला क्रिकेट के भविष्य को लेकर शानदार विजन है। वह टीम के मौजूदा खिलाड़ियों और अनुभवी सपोर्ट स्टाफ के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य टीम की मौजूदा मजबूती को आगे बढ़ाना, प्रदर्शन में निरंतरता लाना और खिताब जीतने की दिशा में टीम को विकसित करना होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि तीन बार IPL चैंपियन बनाने वाले महेला जयवर्धने का अनुभव दिल्ली कैपिटल्स के कितने काम आता है और क्या उनकी मौजूदगी में टीम WPL 2027 में पहली बार ट्रॉफी उठाने में कामयाब हो पाती है।




