वर्ल्ड कप में छक्कों का बादशाह कौन? टॉप-5 में नंबर-1 पर टीम इंडिया का ये दिग्गज
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का इतिहास दिग्गज बल्लेबाजों से भरा पड़ा है। इस महाकुंभ में एक से एक शानदार बल्लेबाज रहे हैं, जिनमें से कुछ बल्लेबाजों ने छक्कों की बारिश की है।

Most Sixes in ODI World Cup History: 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियां तेज होने के साथ क्रिकेट फैंस की नजरें उन रिकॉर्ड्स पर भी टिक गई हैं, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक कायम हैं। खासकर छक्कों की बात करें तो कुछ बल्लेबाजों ने वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मंच पर गेंदबाजों की जमकर खबर ली है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस मामले में सबसे आगे कौन है? किस बल्लेबाज ने वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा बार गेंद को मैदान के बाहर पहुंचाया है और किन दिग्गजों ने टॉप-5 में अपनी जगह बनाई है?
2027 वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त रूप से होने वाली है और इसी बड़े टूर्नामेंट की तैयारी के बीच नजर डालते हैं वर्ल्ड कप के उन बल्लेबाजों पर, जिन्होंने छक्कों से सबसे ज्यादा तहलका मचाया है। चलिए जानते हैं वर्ल्ड कप के टॉप-5 सबसे बड़े सिक्सर किंग्स के बारे में।
#5. एबी डिविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका)– 37 छक्के
इस सूची में पांचवें नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स हैं। उन्होंने 2007 से 2015 तक तीन वनडे वर्ल्ड कप खेले और कुल 23 मैचों में 37 छक्के लगाए। डिविलियर्स ने वर्ल्ड कप करियर में 1,207 रन बनाए और उनका बल्लेबाजी औसत 63.52 रहा। 2015 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी 162 रनों की तूफानी पारी आज भी टूर्नामेंट की यादगार पारियों में गिनी जाती है।
#4. डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)– 41 छक्के
चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने 2015 से 2023 तक तीन वर्ल्ड कप खेले और इस दौरान 29 मैचों में 41 छक्के लगाए। उनके नाम वर्ल्ड कप में 1,527 रन हैं, जिसमें छह शतक भी शामिल हैं। 2015 में वर्ल्ड कप डेब्यू करने के बाद वॉर्नर ने लगातार तीन संस्करणों में ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
#3. ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया) – 43 छक्के
तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल हैं। उन्होंने 2015 से 2023 तक तीन वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया। मैक्सवेल ने इस दौरान 27 मैचों में 43 छक्के लगाए और 901 रन बनाए। खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ 25 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए इतने छक्के जड़े, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है।
#2. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 49 छक्के
दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। गेल ने 2003 से 2019 तक कुल पांच वनडे वर्ल्ड कप खेले। इस दौरान उन्होंने 35 मैचों में 49 छक्के लगाए और 1,186 रन बनाए। 2019 वर्ल्ड कप में भी वह वेस्टइंडीज की टीम का हिस्सा थे। गेल ने 2019 में अपना पांचवां वर्ल्ड कप खेला और अफगानिस्तान के खिलाफ टूर्नामेंट के अपने अंतिम मैच के साथ वर्ल्ड कप में 35 मैच पूरे किए।
यह भी पढ़े- ICC World Cup 2027: कब होगा भारत का मैच? इस दिन खत्म होगा 2027 वर्ल्ड कप के पूरे शेड्यूल का सस्पेंस
#1. रोहित शर्मा (भारत) – 54 छक्के
इस लिस्ट में सबसे ऊपर भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा का नाम आता है। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप में 2015 से 2023 तक तीन संस्करण खेले और इस दौरान कुल 28 मैचों में 54 छक्के लगाए। रोहित ने 28 मैचों में 1,575 रन बनाए और वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने। 2023 वर्ल्ड कप तक उनका यह रिकॉर्ड कायम रहा और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें इस खास सूची में सबसे आगे पहुंचाया।




