MS Dhoni की वापसी में देरी का अपडेट, DC के खिलाफ खेलना मुश्किल, कब मैदान में आएंगे नजर?
IPL 2026 में एमएस धोनी की वापसी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने की उम्मीद थी, लेकिन फिटनेस को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। जानिए कैप्टेन कूल कब तक मैदान पर लौट सकते हैं।

MS Dhoni Return Update: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए इस समय सबसे बड़ी चिंता एमएस धोनी की फिटनेस बनी हुई है। टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और IPL 2026 के मुकाबलों के बीच उनकी वापसी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी इस समय काफ मसल इंजरी से उबर रहे हैं और फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
ऐसे में 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि धोनी को मैदान पर लौटने में अभी कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है, जिससे अगले दो मैचों में उनके खेलने पर भी संशय की स्थिति बन गई है।
यह भी पढ़ें: IPL में जसप्रीत बुमराह का आतंक हुआ खत्म! नहीं मिल रहे विकेट, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
चेन्नई सुपर किंग्स को आने वाले दिनों में अपने घरेलू मैदान चेपॉक में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (14 अप्रैल) के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। हालांकि, डीसी के खिलाफ धोनी का खेलना लगभग तय नहीं माना जा रहा, जबकि केकेआर के विरुद्ध मैच में भी उनकी उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब टीम इस सीजन में लगातार तीन मैच हार चुकी है और अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है, जिसके कारण IPL 2026 की अंक तालिका में सबसे नीचे है।
चेन्नई में चल रहा रिहैब, वापसी की तारीख तय नहीं
धोनी टीम के साथ बाहर के मुकाबलों के लिए यात्रा करने के बजाय चेन्नई में ही रुककर अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। गुवाहाटी और बेंगलुरु में खेले गए मैचों के दौरान भी वह टीम के साथ नहीं गए थे। पंजाब किंग्स के खिलाफ हालिया घरेलू मुकाबले से भी उनकी गैरमौजूदगी ने उनकी फिटनेस को लेकर सवाल और बढ़ा दिए।
रिपोर्ट के अनुसार, धोनी टीम के सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर अपनी रिकवरी पर काम कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में नेट्स में हल्की बल्लेबाजी भी शुरू की है, लेकिन अभी मैच फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं। CSK के CEO कासी विश्वनाथन ने भी इस पर साफ कहा है कि, “धोनी रिहैब से गुजर रहे हैं और इसमें समय लगेगा। अभी यह कहना मुश्किल है कि वह कब तक वापसी करेंगे।”
Thala के बिना संघर्ष कर रही CSK
44 वर्षीय की गैरमौजूदगी का असर टीम के प्रदर्शन पर भी साफ नजर आ रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन में खराब शुरुआत से जूझ रही है और लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है। IPL इतिहास में इससे खराब शुरुआत टीम ने सिर्फ 2022 में की थी, जब शुरुआती चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, टीम में अनुभव और गहराई की कमी नहीं है, लेकिन दबाव के मौकों पर धोनी की कमी साफ महसूस हो रही है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




