MI Playoff Scenario: क्या फिर होगा कोई चमत्कार? 5 हार के बाद भी जिंदा है मुंबई की उम्मीद, बस करना होगा ये काम
मुंबई इंडियंस की टीम मौजूदा समय में अंक तालिका में 4 अंकों के साथ आठवें पायदान पर काबिज है। MI की टीम 7 में से सिर्फ 2 मैच जीती है।

MI Playoffs Scenario After 5 Losses: IPL 2026 के आगाज से पहले माना जा रहा था कि इस बार मुंबई इंडियंस के सामने किसी भी टीम का टिक पाना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा, क्योंकि ऑन पेपर ये टीम बाकी सभी टीमों के मुकाबले हर डिपार्टमेंट में काफी मजबूत लग रही थी। हालांकि, मौजूदा सीजन में अब तक ये टीम अपने लचर प्रदर्शन की वजह से सबसे फिसड्डी टीम साबित हो रही है। यही वजह है कि 7 में से 5 मैचों में हार झेलने के बाद, MI के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
MI हार चुकी है 5 मैच
मुंबई इंडियंस को मौजूदा सीजन में अपनी पांचवीं हार चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली। टूर्नामेंट के 33वें मैच में चेन्नई ने मुंबई के सामने जीत के लिए 208 रनों का टारगेट सेट किया था, जिसका जवाब में MI की पूरी टीम 104 रनों पर ही ढेर हो गई। CSK को 103 रनों से जीत मिली और उसने दो अंक अर्जित करके पॉइंट्स टेबल में अपनी पोजीशन भी सुधार ली।
यह भी पढ़ें: IPL में रनों के लिहाज से चेन्नई सुपर किंग्स की 3 सबसे जीत
हालांकि, मुंबई इंडियंस की टीम के फैंस को चिंता करने की जरूरत नहीं है। भले ही MI ने 7 में से सिर्फ 2 मैच जीते हैं, लेकिन अभी भी उसकी प्लेऑफ में क्वालीफाई करने की उम्मीदें पूरी तरह से बरकरार हैं। पिछले सीजन में भी मुंबई ने शुरुआती 5 में से सिर्फ एक मैच जीता था और फिर लगातार 6 मुकाबले जीतकर उसने टॉप-4 में जगह बना ली थी। इस बार भी अब MI को कुछ ऐसा ही कारनामा करके दिखाना होगा।
मुंबई इंडियंस टीम का प्लेऑफ में पहुंचने का समीरकण
चेन्नई से 103 रनों से हारने की वजह से मुंबई को अंक तालिका में तगड़ा नुकसान पहुंचा है। मौजूदा समय में MI के 7 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक हैं, उसका नेट रन रेट -0.736 है और टीम आठवें पायदान पर काबिज है। IPL में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए हर टीम को कम से कम 16 अंकों की जरूरत पड़ती है। हालांकि, इससे कम अंक वाली टीमें भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, लेकिन इसके लिए टीमों को दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ता है।
IPL की लीग स्टेज में अभी मुंबई इंडियंस को 7 मुकाबले और खेलने हैं। प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए MI को इनमें से 6 मैच जीतने होंगे, ताकि उसके 16 अंक हो जाएं। हालांकि, MI को बस ये दुआ करनी होगी कि उसका कोई भी मैच बारिश की भेंट न चढ़े। अगर बारिश की वजह से एक भी मुकाबला रद्द होता है, तो मुंबई इंडियंस के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
टैग:


