क्रिकेट में पहले कभी नहीं देखा होगा ऐसा अनोखा इत्तेफाक, पहले छक्का खाओ, फिर विकेट निकालो, नमन धीर का हैरतअंगेज कारनामा
भारतीय टीम के युवा ऑलराउंडर खिलाड़ी नमन धीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज में डेब्यू का मौका मिला है, और इस सीरीज में उन्होंने गेंदबाजी से बहुत ही खास संयोग स्थापित किया है।

Naman Dhir's unique coincidence: क्रिकेट के मैदान पर कई बार ऐसे इत्तेफाक देखने को मिलते हैं, जिन पर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो जाता है। कभी कोई बल्लेबाज लगातार छक्के जड़कर सुर्खियां बटोरता है, तो कभी कोई गेंदबाज अपनी चालाकी से मैच का रुख पलट देता है। लेकिन एक खिलाड़ी की गेंदबाजी से जुड़ा ऐसा दिलचस्प पैटर्न सामने आया है, जो आपको भी हैरान कर देगा।
नमन धीर का अनोखा कारनामा बन गया है खास कहानी
कहानी में ट्विस्ट ये है कि जब भी इस खिलाड़ी की गेंद पर बल्लेबाज छक्का जड़ता है, उसके बाद कुछ ऐसा होता है, जो इस पूरे मामले को बेहद खास बना देता है। आंकड़ों में नजर आ रहा यह अनोखा संयोग आखिर क्या है? ये अनोखा खेल भारतीय टीम के युवा खिलाड़़ी नमन धीर खेल रहे हैं, जिनके करियर की शुरुआत है और ऐसा हैरतअंगेज कारनामा कर रहे हैं कि आप जानकर हैरत में पड़ जाएंगे।
नमन ने डेब्यू के बाद ही टी20 में गेंदबाजी से छोड़ी अपनी छाप
भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहे नमन धीर ने टी20 इंटरनेशनल में प्रभाव छोड़ना शुरू कर दिया है। पंजाब के इस ऑलराउंडर को मजबूत भारतीय बैटिंग लाइनअप के चलते बल्लेबाजी में ज्यादा मौके नहीं मिल रहे, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की है। नमन ने शुरुआती 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 5 विकेट झटके हैं। हैरानी की बात यह है कि उनके सभी विकेट छक्का खाने के तुरंत बाद आए हैं।
छक्का खाते ही अगली गेंद पर विकेट निकालने का अनोखा कमाल
टीम इंडिया के प्रमुख ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को टी20 इंटरनेशनल सीरीज से आराम देकर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी का मौका दिया गया। उनके उपलब्ध नहीं होने पर नमन धीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में आजमाया गया। नमन ने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू को यादगार बनाते हुए तीन विकेट झटके। इतना ही नहीं, करियर के तीसरे मुकाबले में भी उन्होंने दो बल्लेबाजों को आउट कर अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। चलिए अब जानते हैं कि कैसे नमन धीर बना रहे हैं अनोखा इत्तेफाक?
यह भी पढ़े- भुवनेश्वर के बाद अब मोहम्मद शमी की बारी? टीम इंडिया में वापसी पर आया बड़ा संकेत
डेब्यू मैच में ही तीनों विकेट के साथ जुड़ा ये खास संयोग
नमन धीर की विकेट लेने की कहानी में सबसे दिलचस्प बात उनका अनोखा पैटर्न है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में जब भी बल्लेबाज ने उनकी गेंद पर छक्का जड़ा, अगली ही गेंद पर उसे पवेलियन लौटना पड़ा। शाई होप, रोमारियो शेफर्ड और समार स्प्रिंगर ने बड़े शॉट लगाए, लेकिन नमन ने हर बार शानदार वापसी करते हुए अगली ही गेंद पर विकेट हासिल किया। उनका यह अनोखा संयोग क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बन सकता है।
तीसरे टी20 में भी 2 विकेट में छक्का खाने के बाद विकेट का पैटर्न जारी
ये सिलसिला यहीं नहीं रूकता है, और दूसरे टी20 में तो उन्हें कोई विकेट नहीं मिलता है, लेकिन तीसरे टी20 मैच में फिर से नमन धीर ऐसा ही कमाल दिखाते हैं। दूसरे टी20 मुकाबले में खाली हाथ रहने के बाद नमन धीर ने तीसरे मैच में जोरदार वापसी की और अपना अनोखा सिलसिला भी जारी रखा। सातवें ओवर में शिमरॉन हेटमायर ने उनकी गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन अगली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद 11वें ओवर में कामिल पूरन ने भी छक्का लगाया, मगर नमन ने अगली गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। यानी छक्का खाने के बाद विकेट लेने का संयोग फिर देखने को मिला।




