विराट कोहली के कायल हुए टेनिस किंग नोवाक जोकोविच, कहा- उन्हीं की वजह से मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया
टेनिस के दिग्गज नोवाक जोकोविच ने कहा कि उन्होंने विराट कोहली की वजह से क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया. साथ में, उन्होंने बताया कि वो जल्द भारत का दौरा करने वाले हैं।

Novak Djokovic Statement on Virat Kohli: विराट कोहली खेल जगत में कितना बड़ा मुकाम हासिल कर चुके हैं, इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अन्य खेलों के बड़े-बड़े दिग्गज भी उनसे प्रेरणा लेते हैं। मौजूदा समय में कोहली ग्लोबल स्टार बन चुके हैं और विदेशी एथलीट्स उनके बारे में चर्चा करने से पीछे हटते हैं। इसी बीच 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने किंग कोहली की तारीफ करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। जोकोविच ने कहा कि उन्होंने कोहली की वजह से ही क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया है।
मुझे भारतीय फैंस से बहुत लगाव है - जोकोविच
दरअसल, जोकोविच ने 2026 के लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स के दौरान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कोहली के लिए अपनी भावनाएं और सम्मान जाहिर किया। इस इवेंट को जोकोविच मशहूर फ्रीस्टाइल स्कीयर एलीन गु के साथ होस्ट कर रहे थे। जोकोविच ने बताया कि उन्हें भारतीय फैंस से बहुत लगाव है।
अवार्ड फंक्शन शुरू होने से पहले, रेड कार्पेट पर बातचीत के दौरान जब टेनिस के इस दिग्गज से भारत के लिए कोई मैसेज देने को कहा गया, तो जोकोविच ने दिल खोलकर बात की। उन्होंने कहा कि वो लंबे समय से भारत और वहां के जुनूनी फैंस के कायल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: IPL इतिहास में रनों के लिहाज से मुंबई इंडियंस की 5 सबसे बड़ी जीत
जोकोविच ने TOI को दिए स्टेटमेंट में कहा, 'मेरा संदेश हमेशा वही रहता है, ढेर सारा प्यार, सम्मान और शुक्रिया। पिछले कई सालों में दुनियाभर के भारतीय टेनिस और खेल प्रेमियों से मुझे जो प्यार मिला है, मैं उसकी बहुत कद्र करता हूं। इस दौरान मैं ऐसे बहुत से फैंस से मिला भी हूं।'
एक-दो साल से मेरा मन बार-बार भारत आने को कह रहा है
उन्होंने आगे कहा कि मैं बहुत जल्द भारतीय फैंस से मिलूंगा, क्योंकि मुझे वहां आना ही है। पिछले एक-दो साल से मेरा मन बार-बार भारत आने को कह रहा है। मैं वाकई उम्मीद करता हूं कि मैं जल्द ही भारत आ सकूं, चाहे किसी इवेंट के लिए, कोई मैच खेलने के लिए या फिर किसी भी और वजह से। मैं सच में ऐसा चाहता हूं क्योंकि मैं भारतीय लोगों से खुद को बहुत करीब महसूस करता हूं।
कोहली को लेकर जोकोविच ने क्या कहा?
इस दौरान जोकोविच ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने कोहली की वजह से क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया है। इस संदर्भ में उन्होंने कहा,
'विराट मेरे दोस्त हैं और मैं वाकई उनका बहुत सम्मान करता हूं। सच कहूं तो, उन्हीं की वजह से मैंने क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया। पहले मैं क्रिकेट को इतना नहीं देखता था, लेकिन विराट के जरिए मेरी इसमें दिलचस्पी बढ़ी। हम एक-दूसरे के टच में रहते हैं और मुझे उम्मीद है कि जब मैं भारत आऊंगा, तब विराट भी मेरे साथ होंगे। हम थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेलेंगे, खूब मस्ती करेंगे और खेल के जरिए बस प्यार और पॉज़िटिविटी फैलाएंगे।'




