SRH को दोहरा झटका, सबसे बड़ी हार के बाद पैट कमिंस पर एक्शन; BCCI ने ठोका जुर्माना
गुजरात टाइटंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद को IPL में रनों के हिसाब से अपनी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी और अब कप्तान पैट कमिंस पर BCCI ने भारी जुर्माना लगाया है।

Pat Cummins fined for slow over rate after GT vs SRH match: गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 का 56वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद के लिए काफी निराशाजनक रहा। हैदराबाद को सबसे पहले रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी। वहीं, अब टीम के कप्तान पैट कमिंस पर BCCI ने स्लो ओवर रेट की गलती के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। गुजरात की पारी के दौरान हैदराबाद की टीम निर्धारित समय में अपने 20 ओवर पूरे नहीं कर पाई। इसी वजह से कमिंस को खामियाजा भुगतना पड़ा है।
दरअसल, गुजरात टाइटंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम गेंदबाजी के दौरान तय समय में पूरे ओवर खत्म नहीं कर पाई, जो आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट आर्टिकल 2.22 का उल्लंघन है। इसी वजह से SRH की टीम दोषी पाई गई। हालांकि, यह उनका पहला अपराध था। इसी कारण सिर्फ टीम के कप्तान को ही सजा मिली और नतीजतन कमिंस पर फाइन लगाया गया।
पैट कमिंस पर 12 लाख का लगाया गया जुर्माना
आईपीएल ने 13 मई को मीडिया रिलीज जारी करते हुए बताया कि सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच नंबर 56 में धीमी ओवर रेट बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है। चूंकि यह आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, इसलिए कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस स्टार की रिटायरमेंट से वापसी, विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम में मिली जगह
अहमदाबाद में गुजरात के सामने हैदराबाद को होना पड़ा बड़ी हार का शिकार
मैच के हाल की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 86 रनों के बड़े अंतर से मात दी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम ने 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए, जवाब में हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में 86 रन बनाकर ढेर हो गई। हैदराबाद की हार का बड़ा कारण उसके स्टार बल्लेबाजों का फ्लॉप होना रहा। ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन में से कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




