पाकिस्तान चैंपियंस का WCL से नाम वापस, PCB ने NOC के लिए रख दी ऐसी शर्त कि मचा बवाल
यूएई में खेले जा रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 से पाकिस्तान चैंपियंस ने अपना नाम वापस ले लिया है। पीसीबी की तरफ से भारतीय टीम के सामने रखी एक शर्त ने बवाल मचा दिया।

Pakistan Champions Withdraw from WCL: क्रिकेट की दुनिया मेंभारत और पाकिस्तान की टक्कर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहती। कई बार दोनों देशों के बीच का तनाव ऐसे फैसलों तक पहुंच जाता है, जिसकी गूंज पूरे क्रिकेट जगत में सुनाई देती है। अब एक बार फिर कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। एक तरफ दुनिया भर के पूर्व दिग्गजों का एक मंच पर जलवा दिख रहा है, तो दूसरी तरफ PCB का एक ऐसा फैसला सामने आया, जिसने पूरी कहानी ही पलट दी। मामला इतना बढ़ा कि पाकिस्तान की चैंपियंस टीम को टूर्नामेंट से ही अपना नाम वापस लेना पड़ा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने WCL टूर्नामेंट में लगाया अडंगा
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की कहानी सिर्फ इस साल के फैसले तक सीमित नहीं है। इसकी जड़ें पिछले सीजन में हुए उस विवाद से जुड़ी हैं, जब भारत और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच क्रिकेट को लेकर तनाव सामने आया था। उस वक्त भी पाकिस्तान की ओर से इस लीग को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया था। अब एक साल बाद वही विवाद नए मोड़ के साथ लौट आया है और इस बार मामला खिलाड़ियों की भागीदारी से आगे बढ़कर ऐसी शर्तों तक पहुंच गया, जिसने पाकिस्तान की टीम के टूर्नामेंट में खेलने से ही रोक दिया।
भारतीय टीम के खिलाड़ियों को माफी मांगने की शर्त से पाकिस्तान को होना पड़ा बाहर
मामला सिर्फ NOC मिलने या नहीं मिलने तक नहीं रुका। रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB अपने खिलाड़ियों को WCL में खेलने की अनुमति देने के लिए तैयार था, लेकिन इसके लिए उसने आयोजकों के सामने कुछ ऐसी शर्तें रख दीं, जिन पर सहमति बनना आसान नहीं था। सबसे बड़ी मांग यह बताई जा रही है कि भारतीय खिलाड़ियों की ओर से पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार करने को लेकर लिखित माफी मांगी जाए। इसके अलावा दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच मैच के दौरान हैंडशेक होने की गारंटी भी मांगी गई। यानी पाकिस्तान की टीम की एंट्री अब सिर्फ क्रिकेट खेलने का मामला नहीं रह गया था, बल्कि इसके साथ कुछ शर्तें भी जुड़ गई थीं।
पीसीबी ने कहा, भारत मांगे माफी, हैंडशेक की दे गारंटी, तभी मिलेगा NOC
WCL आयोजकों ने कथित तौर पर PCB की कुछ मांगों को स्वीकार करने की कोशिश भी की, लेकिन दो अहम मुद्दों पर बात आगे नहीं बढ़ सकी। टीम इंडिया की ओर से लिखित माफी और भारत-पाक खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को लेकर सहमति नहीं बन पाई। नतीजा यह हुआ कि जिस मुकाबले का इंतजार क्रिकेट फैंस कर रहे थे, वही मुकाबला अब होने से पहले ही खत्म हो गया। पाकिस्तान चैंपियंस ने WCL 2026 से अपना नाम वापस ले लिया और इसके साथ ही टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मुकाबला भी रद्द हो गया।
यह भी पढ़े- न्यूजीलैंड दौरे के लिए भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या का नहीं होगा चयन, सामने आई बड़ी वजह
WCL में 10 अक्टूबर को होना था भारत-पाकिस्तान चैंपियंस का मैच
इस फैसले का सबसे बड़ा असर 10 अक्टूबर को होने वाले इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के मुकाबले पर पड़ा है। अब दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने नहीं होंगी। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान चैंपियंस WCL के पिछले दोनों सीजन में फाइनल तक पहुंच चुकी है, लेकिन हर बार ट्रॉफी उससे दूर रही। 2024 के पहले सीजन में भारत ने उसे फाइनल में मात दी थी, जबकि 2025 में दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ने खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को हरा दिया। ऐसे में तीसरे सीजन में पाकिस्तान के सामने इस बार मैदान पर हिसाब बराबर करने का मौका था, लेकिन विवाद ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उसकी पूरी कहानी बदल दी।




