पृथ्वी शॉ की टूटी सगाई, आकृति अग्रवाल से अलग होने का लिया फैसला
भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में शुमार रहे पृथ्वी शॉ का नाम पिछले कुछ वक्त से क्रिकेट से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहा है। अब उनकी सगाई टूट गई है।

Prithvi Shaw: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनके खेल या टीम में वापसी को लेकर नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़े एक बड़े फैसले को लेकर है। पृथ्वी शॉ और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं अभिनेत्री आकृति अग्रवाल ने आपसी सहमति से अपनी सगाई खत्म करने का फैसला किया है। आकृति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस रिश्ते के खत्म होने की जानकारी दी।
आकृति अग्रवाल ने क्या कहा?
आकृति अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बताया कि दोनों ने अपने भविष्य के लक्ष्यों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों के बीच प्यार और एक-दूसरे की परवाह अब भी है, लेकिन उन्हें यह स्वीकार करना पड़ा कि उनकी राहें अब साथ चलने के लिए नहीं हैं।
उन्होंने लिखा,
“भारी मन से मैं साझा करना चाहती हूं कि मेरे मंगेतर और मैंने अपने भविष्य के अलग-अलग लक्ष्यों और परिस्थितियों के कारण अलग होने का फैसला किया है। हम एक-दूसरे से प्यार और परवाह करते हैं, लेकिन हमने स्वीकार किया है कि हमारी राहें साथ चलने के लिए नहीं हैं। अपनी जिम्मेदारियों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए हमने आपसी सहमति से अलग-अलग रास्ते चुनने का फैसला किया है।”
आकृति ने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने और किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील भी की।
यह भी पढ़े- एक बार फिर टूटा टीम इंडिया के इन 3 खिलाड़ियों का दिल, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से भी हुए नजरअंदाज
पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर छोड़ी सिर्फ एक पोस्ट
यह पोस्ट एक मोटिवेशनल कोट है, जिसमें लिखा है, “Work until you no longer have to introduce yourself.” यानी, “तब तक मेहनत करो, जब तक तुम्हें अपना परिचय देने की जरूरत न पड़े।”
हालांकि, पृथ्वी ने सगाई खत्म होने को लेकर अपनी ओर से कोई बयान साझा नहीं किया है। ऐसे में उनके सोशल मीडिया बदलाव को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने मार्च 2026 में अपनी सगाई की घोषणा की थी। पृथ्वी ने इस खास मौके की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इसके बाद जुलाई में आकृति की कुछ क्रिप्टिक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आई थीं, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हालांकि, उस समय इन पोस्ट का रिश्ते से जुड़ा होना आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया था।
हमेशा चर्चा में रहा है पृथ्वी शॉ का करियर
पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए आखिरी बार 2021 में खेला था। इसके बाद घरेलू क्रिकेट में कुछ प्रभावशाली पारियां खेलने के बावजूद उनकी भारतीय टीम में वापसी नहीं हो सकी है। आईपीएल 2026 में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने टीम में शामिल किया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। इससे लीग में उनकी गैरमौजूदगी का सिलसिला दो साल से आगे बढ़ गया।




