RCB को बड़ा झटका, चिन्नास्वामी की वो आवाज हमेशा के लिए हुई खामोश; 2008 से पहले ही मैच से था टीम के साथ
आईपीएल में पिछले लगातार 2 बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के फैंस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके साथ पहले ही मैच से जुड़े एक शख्स ने दुनिया को अलविदा कह दिया है।

Royal Challengers Bengaluru loses a special fan: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने टीम से जुड़ी पुरानी और यादगार तस्वीरों को एक बार फिर ताजा कर दिया है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में जब RCB का मुकाबला होता था, तो खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ एक और चीज पूरे माहौल में जोश भरती थी। स्टेडियम में गूंजती वो खास धुन, जिसने सालों तक फैंस के जुनून को और बढ़ाया। लेकिन अब इस धुन के पीछे मौजूद वो शख्स हमेशा के लिए दुनिया से विदा हो गया है। खास बात ये है कि उसका RCB से रिश्ता टीम के शुरुआती दौर से ही था।
64 साल की उम्र में हुआ निधन
दरअसल, RCB से लंबे समय से जुड़े मशहूर ड्रमर देवा का 64 साल की उम्र में निधन हो गया। फ्रेंचाइजी ने 27 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की दुखद जानकारी साझा की। RCB ने ड्रम बजाते हुए देवा की कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्हें भावुक अंदाज में याद किया। फ्रेंचाइजी के मुताबिक, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण देवा को खो दिया गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही RCB से जुड़े फैंस के बीच भी शोक की लहर देखने को मिली।
पहले आईपीएल मैच से था RCB के साथ रिश्ता
देवा और RCB का रिश्ता बेहद पुराना था। फ्रेंचाइजी ने बताया कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पहले आईपीएल मैच से लेकर स्टेडियम में बिताई गई कई यादगार रातों तक, देवा के ढोल RCB के मैच-डे अनुभव का अभिन्न हिस्सा रहे। यानी 2008 से RCB के सफर के शुरुआती दौर से ही देवा टीम और उसके फैंस के बीच बनने वाले उस खास माहौल का हिस्सा रहे, जिसके लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम को जाना जाता है। जब मैदान पर RCB के खिलाड़ी उतरते थे और स्टैंड्स में हजारों फैंस अपनी टीम का हौसला बढ़ाते थे, उस दौरान देवा की ड्रमिंग भी माहौल में अलग ऊर्जा भरती थी।
'शिवमणि' के नाम से थे मशहूर
देवा को प्यार से कन्नड़ के 'शिवमणि' के नाम से जाना जाता था। अपनी ड्रमिंग के जरिए उन्होंने लंबे समय तक चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट फैंस का मनोरंजन किया। RCB ने अपनी पोस्ट में लिखा कि देवा की धुनें चिन्नास्वामी स्टेडियम में गूंजती रहेंगी और वह हमेशा RCB के लोक-साहित्य का हिस्सा रहेंगे।
यह भी पढ़े- WPL 2027 की रिटेंशन लिस्ट जारी, RCB से MI और DC तक... किस टीम ने किसे किया रिटेन
RCB ने भावुक होकर दी श्रद्धांजलि
देवा को याद करते हुए RCB ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उन्होंने उन्हें खो दिया। फ्रेंचाइजी ने इतने सालों तक मनोरंजन करने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया और उनकी आत्मा की शांति की कामना की। RCB के लिए देवा सिर्फ एक ड्रमर नहीं थे। उनका जुड़ाव उस दौर से था, जब आईपीएल और RCB की कहानी अपने शुरुआती अध्याय लिख रही थी। सालों तक चिन्नास्वामी में उनकी धुनों ने मैच-डे के माहौल को खास बनाया।
क्रिकेट में खिलाड़ी आते-जाते रहते हैं, लेकिन कुछ चेहरे और कुछ आवाजें किसी टीम की पहचान का हिस्सा बन जाती हैं। देवा भी RCB और चिन्नास्वामी की ऐसी ही यादों का हिस्सा थे। अब वह भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी ड्रम की आवाज और RCB के साथ उनकी यादें लंबे समय तक फैंस के बीच जिंदा रहेंगी।




