RCB vs DC: बेंगलुरु के खिलाफ दिल्ली की रोमांचक जीत, डेविड मिलर का तूफान; आखिरी ओवर में मैच फिनिश
RCB vs DC मैच में दिल्ली ने बेंगलुरु को रोमांचक मुकाबले में हराया। केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के अर्धशतक के बाद डेविड मिलर ने आखिरी ओवर में मुकाबले को खत्म किया।

RCB vs DC Match Report: IPL 2026 के 26वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 175/8 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में डीसी ने 19.5 ओवर में 179/4 का स्कोर बनाया। अंतिम ओवर में दिल्ली की टीम को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी, जो डेविड मिलर ने आसानी से बना दिए।
फिल साल्ट ने RCB को दिलाई तेज शुरुआत, फिर लड़खड़ाई पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत फिल सॉल्ट ने बेहद आक्रामक अंदाज में की। साल्ट ने मात्र 38 गेंदों पर 63 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने विराट कोहली (13 गेंदों पर 19 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 52 रन की मजबूत साझेदारी की और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
कोहली के आउट होने के बाद भी साल्ट ने पारी को संभाले रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन जैसे ही सॉल्ट आउट हुए, RCB की रन गति एकदम से धीमी पड़ गई। देवदत्त पडिक्कल ने 13 गेंदों पर 18 रन बनाए, जबकि कप्तान रजत पाटीदार सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप, लगातार गिरते रहे विकेट
मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड ने 17 गेंदों पर 26 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। रोमारियो शेफर्ड सिर्फ 4 गेंदों पर 1 रन ही बना सके, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 10 गेंदों पर 12 रन बनाए।
आखिरी ओवरों में विकेटकीपर जितेश शर्मा भी 20 गेंदों पर सिर्फ 14 रन बना सके और टीम को कोई मजबूती नहीं दे पाए। भुवनेश्वर कुमार 2 गेंदों पर 3 रन बनाकर नाबाद रहे। RCB की बल्लेबाजी बीच के ओवरों में पूरी तरह बिखर गई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल सबसे प्रभावी रहे। दोनों स्पिनरों ने 2-2 विकेट झटके और बीच के ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह दिल्ली की तरफ मोड़ दिया। लुंगी एनगिडी ने भी 2 विकेट लिए और RCB के टॉप ऑर्डर व मिडिल ऑर्डर को बड़ा झटका दिया। मुकेश कुमार को 1 विकेट मिला।
शुरुआती झटकों के बाद दिल्ली की वापसी, राहुल-स्टब्स ने संभाली पारी
दिल्ली कैपिटल्स की 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 18 रन के स्कोर पर ही 3 विकेट गंवा दिए। पथुम निसांका (1), करुण नायर (5) और समीर रिजवी (2) जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे दिल्ली पर काफी दबाव बन गया। इस मुश्किल स्थिति में केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभाला।
राहुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 34 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं स्टब्स ने दूसरे छोर पर समझदारी से खेलते हुए एक छोर संभाले रखा। दोनों के बीच हुई अहम साझेदारी ने दिल्ली को मैच में मजबूती से वापसी दिलाई। राहुल के आउट होने के बाद कप्तान अक्षर पटेल (26 रन) स्टब्स का साथ देने आए, लेकिन चोट के कारण वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ गए। इसके बाद डेविड मिलर क्रीज पर आए और उन्होंने आखिरी ओवरों में कमाल कर दिखाया।
यह भी पढ़ें: IPL में एक ही वेन्यू पर सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली 5 टीमें, चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB ने रचा इतिहास
आखिरी ओवर में मिलर का धमाका, RCB के हाथ से फिसली जीत
मैच का फैसला अंतिम ओवर में हुआ, जब दिल्ली को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। गेंदबाजी के लिए आए रोमारियो शेफर्ड दबाव झेल नहीं पाए और डेविड मिलर ने इसका पूरा फायदा उठाया। ओवर की शुरुआत में एक मौके पर मिलर चूक गए, लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो विशाल छक्के जड़ दिए।
इसके बाद एक लो फुल-टॉस गेंद को आसानी से फ्लिक करते हुए चौका जड़ दिया और मैच को दिल्ली कैपिटल्स के पक्ष में समाप्त कर दिया। मिलर ने मात्र 10 गेंदों पर 22 रन बनाकर शानदार फिनिश किया। ट्रिस्टन स्टब्स 47 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद रहे और पूरी पारी में अहम भूमिका निभाई। आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




