IPL 2026 बना पंत के लिए मुसीबत, वनडे टीम से कट सकता है पत्ता; इस विकेटकीपर को मौका मिलने के आसार
ऋषभ पंत का IPL 2026 में खराब प्रदर्शन उनकी मुश्किलें बढ़ा रहा है। वनडे टीम में जगह पर खतरा मंडरा रहा है, जबकि दो शतक ठोक चुके संजू सैमसन की दावेदारी मजबूत नजर आ रही है।

Rishabh Pant likely to get dropped from ODI team: ऋषभ पंत के लिए IPL 2026 अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर उनसे बहुत बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इस पूरे सीजन में अभी तक पंत कुछ भी खास नहीं कर पाए हैं। उनकी टीम संघर्ष कर रही है और एक के बाद एक मैच हार रही है। बल्ले से पंत ने आठ पारियों में 27 की औसत और करीब 127 की स्ट्राइक रेट से 189 रन ही बनाए हैं, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप के कारण बीसीसीआई और चयनकर्ता भी आईपीएल के मौजूदा सीजन को करीब से फॉलो कर रहे हैं। ऋषभ पंत की इस वक्त की स्थिति उन्हें सच में चिंता में डाल रही है। टीम इंडिया में विकेटकीपर की पोजीशन पर अब काफी कड़ी टक्कर हो गई है। हर कोई जानता है कि फॉर्म अच्छी नहीं है तो जगह किसी भी वक्त जा सकती है।
मुख्य विकेटकीपर के रूप में केएल राहुल की जगह पक्की है लेकिन उनके बैकअप यानी दूसरे विकेटकीपर के रूप में अभी तक पंत खेल रहे थे लेकिन जब वो इंजरी के कारण जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए तो जुरेल को मौका दिया गया था।
ऋषभ पंत की खराब फॉर्म ने बढ़ाई टेंशन
आईपीएल इतना बड़ा प्लेटफॉर्म है कि यहां एक अच्छा प्रदर्शन पूरे करियर को बदल सकता है। लेकिन इस बार पंत रन बनाने में बुरी तरह संघर्ष करते दिख रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में वो पुरानी आग और फिनिशिंग पावर गायब है। विकेटकीपिंग में भी कुछ आसान गलतियां हुई हैं, जो देखकर लगता है कि वो दबाव में हैं।
अगर पंत अपना प्रदर्शन जल्दी नहीं सुधारते, तो चयनकर्ता वनडे टीम के लिए दूसरे विकल्पों को आजमाने लगेंगे। मैनेजमेंट उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगी जो अभी फॉर्म में हैं और टीम को भरोसा दिला रहे हैं।
यह भी पढ़ें: फीमेल फैन ने की रोहित शर्मा के पैर छूने की कोशिश, हिटमैन का मजेदार रिएक्शन वायरल; देखें वीडियो
संजू सैमसन की दावेदारी मजबूत
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक पंत की खराब फॉर्म का सबसे बड़ा फायदा दूसरे विकेटकीपरों को मिल रहा है। खासकर संजू सैमसन इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आठ मैचों में 50.66 की औसत से 304 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक भी शामिल हैं। सैमसन ने हाल के मैचों में जो प्रदर्शन किया है, उससे चयनकर्ताओं की नजर उन पर टिक गई है और वनडे टीम में वापसी के लिए मजबूत दावेदार बन चुके हैं।
अभी ऋषभ पंत के पास समय है, लेकिन ये समय उनके लिए बहुत अहम है। अगर वे अगले कुछ मैचों में कुछ कमाल करके नहीं दिखाए तो उनकी जगह लेना किसी के लिए मुश्किल नहीं होगा। फैंस अभी भी उन पर भरोसा कर रहे हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि पंत जल्द ही अपना पुराना रंग दिखाएंगे।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




