"टेस्ट से संन्यास क्यों लिया?" – रोहित शर्मा की बल्लेबाजी देख दिग्गज हैरान, MI vs KKR मैच के बाद दिया बड़ा बयान
IPL 2026 में MI vs KKR मुकाबले में रोहित शर्मा का प्रचंड अवतार दिखा और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से पुराने दिनों की याद दिला दी।

Aakash Chopra praised Rohit Sharma: मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया और पहले ही मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ तूफानी अर्धशतक लगाकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
केकेआर के खिलाफ रोहित अपने पुराने अंदाज में दिखे और जमकर चौके-छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी से प्रभावित होकर पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने हिटमैन की तारीफों के पुल बांधे और यह भी कहा कि पूर्व कप्तान ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास क्यों ले लिया।
KKR के खिलाफ रोहित शर्मा का दिखा पुराना अंदाज
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 29 मार्च को खेले गए मौजूदा आईपीएल सीजन के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 221 का लक्ष्य दिया था। इसके बाद, लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम के लिए रोहित ने धमाकेदार पारी खेली और महज 38 गेंदों में 205.26 की स्ट्राइक रेट से 78 रन जड़ दिए। इस दौरान रोहित के बल्ले से छह चौके और इतने ही छक्के आए। बाद में पांच बार की चैंपियन टीम ने पांच गेंद शेष रहते छह विकेट से मुकाबला जीत लिया।
रोहित शर्मा की बल्लेबाजी से आकाश चोपड़ा बेहद प्रभावित दिखे और उन्होंने मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान की जमकर तारीफ की। चोपड़ा ने कहा कि सीजन के पहले दो मैचों में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने गजब का टेम्परामेंट दिखाया और बेहतर नजर आए। इन्हें देखकर लगता है कि टेस्ट से संन्यास क्यों लिया।
रोहित शर्मा को लेकर आकाश चोपड़ा ने क्या कहा?
अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में, आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा के बारे में बात करते हुए कहा,
"शर्मा जी, आप कहीं नहीं गए हैं। रयान रिकेल्टन के बारे में भी बात की जानी चाहिए, लेकिन रोहित शर्मा के बारे में पहले बात की जानी चाहिए क्योंकि यही इस मैच की सबसे बड़ी कहानी है। वास्तव में, इस सप्ताहांत की सबसे बड़ी कहानी यह है कि रोहित और कोहली अभी तक कहीं नहीं गए हैं। अगर कुछ हुआ है, तो वे अपग्रेडेड संस्करण के रूप में लौटे हैं। तीन महीने का ब्रेक हुआ और सभी यह सवाल कर रहे थे कि क्या वे तुरंत प्रभाव दिखा सकते हैं।"
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा,
"उन्होंने कहा कि वे इसे करेंगे और दिखाएंगे। आप महसूस करें कि वे क्यों गए। वे खेलना जारी रख सकते थे। आप इतने फिट और पतले हो गए हैं, और आप अब प्रभावशाली खिलाड़ी भी नहीं हैं। आपने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा क्यों कहा? आप टेस्ट खेलना जारी रख सकते थे। टी20आई छोड़ना अभी भी समझ में आता है। ये तीन महीने के ब्रेक आदर्श नहीं हैं।"
बता दें कि रोहित शर्मा से पहले, 28 मार्च को सीजन के पहले मैच में विराट कोहली ने भी कमाल की पारी खेली थी और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 38 गेंदों में 69 रन नाबाद बनाकर RCB की छह विकेट की जीत में अहम रोल अदा किया था। इस तरह विराट और रोहित ने मौजूदा सीजन की जबरदस्त शुरुआत की है और अब देखना होगा कि आगे इनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




