माही के IPL छोड़ते ही रोहित ने कही दिल छू लेने वाली बात, पुराने दिन किए याद
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज कप्तान और बल्लेबाज रहे महेंद्र सिंह धोनी ने अपने 19 साल के आईपीएल करियर को अलविदा कह दिया है। वो अब चेन्नई के मेंटॉर नियुक्त किए गए हैं।

Rohit Sharma’s reaction to MS Dhoni’s retirement: आईपीएल के इतिहास का एक सुनहरा अध्याय अब खत्म हो गया है। सालों तक अपनी कप्तानी और शानदार खेल से करोड़ों क्रिकेट फैंस के दिलों पर राज करने वाले दिग्गज ने आखिरकार इस लीग को अलविदा कह दिया है। उनके इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी खास अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है। रोहित ने न सिर्फ उन्हें बधाई दी, बल्कि पुराने दिनों को याद करते हुए एक ऐसा संदेश साझा किया, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया।
एमएस धोन के संन्यास पर रोहित शर्मा की दिल छू लेने वाली बात
एमएस धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने के बाद रोहित शर्मा ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर खास संदेश साझा किया। उन्होंने धोनी को उनके शानदार करियर के लिए बधाई देते हुए उनके साथ बिताए पुराने दिनों को भी याद किया। दिलचस्प बात यह है कि रोहित और धोनी आईपीएल में कभी एक ही टीम का हिस्सा नहीं रहे और हमेशा विरोधी खेमों से एक-दूसरे के सामने उतरे। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट में दोनों ने लंबे समय तक साथ खेला और कई यादगार पल साझा किए। ऐसे में रोहित का यह संदेश धोनी के साथ उनके पुराने क्रिकेटिंग रिश्ते की झलक दिखाता है।
धोनी भाई आपके साथ मैदान में वक्त बिताने की अच्छी यादें- रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने अपने एक्स पर धोनी के रिटायरमेंट को लेकर लिखा- ‘धोनी भाई, आपको इतने शानदार IPL करियर के लिए बधाई हो। आपके साथ मैदान पर समय बिताकर काफी अच्छा महसूस हुआ और इतने सालों में मेरी आपके साथ कई यादें जुड़ी हैं. आपके लिए बहुत सम्मान.’
यह भी पढ़े- CSK फैंस का टूटेगा दिल! धोनी ने IPL से लिया संन्यास, अब पीली जर्सी में इस नई भूमिका में आएंगे नजर
रोहित-धोनी के नाम 5-5 IPL खिताब
रोहित शर्मा और एमएस धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। दोनों ने अपनी कप्तानी में 5-5 बार ट्रॉफी जीती है। धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब अपने नाम किया, जबकि रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनाया।
MI vs CSK की राइवलरी में रहा दोनों का बड़ा योगदान
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल की दो सबसे सफल फ्रेंचाइजी हैं। दोनों के बीच होने वाले मुकाबले को क्रिकेट जगत में 'एल क्लासिको' के नाम से भी जाना जाता है। इस खास राइवलरी के केंद्र में रोहित शर्मा और एमएस धोनी की कप्तानी भी रही है। दोनों दिग्गजों ने अपनी-अपनी टीमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उनके बीच मुकाबले का फैंस को हर सीजन बेसब्री से इंतजार रहता है।




