क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा इमोशनल मोमेंट! रोहित-विराट ने आखिरी ODI के बाद फैंस को दिया खास संदेश
भारत और न्यूजीलैंड के बीत 5 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच माउंट माउंगानुई में खेला गया। जहां भारत ने 22 रन से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में रोहित-विराट नाकाम रहे।

Rohit Sharma-Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड दौरे का अंत शानदार अंदाज में किया। माउंट माउंगानुई में खेले गए आखिरी मैच में भारत ने कीवी टीम को 22 रन से हराया। टीम इंडिया ने पहले टी20 सीरीज में जीत दर्ज की और फिर वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली। पांच मैचों की टी20 सीरीज भारत ने 3-2 से जीती थी, जबकि वनडे सीरीज पर 3-1 से कब्जा जमाया। हालांकि, इस दौरे का पांचवां वनडे मुकाबला सिर्फ जीत के लिहाज से ही खास नहीं रहा, बल्कि भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों के लिए भी बेहद यादगार बन गया।
न्यूजीलैंड में रोहित शर्मा और विराट कोहली का आखिरी मैच
दरअसल, न्यूजीलैंड के माउंट माउंगानुई स्थित बे ओवल में रविवार को खेले गए पांचवें वनडे में भारत ने मेजबान टीम को 22 रनों से हराया। इस मुकाबले के साथ ही रोहित शर्मा और विराट कोहली का न्यूजीलैंड में आखिरी दौरा भी समाप्त हो गया। दोनों दिग्गज अब टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और सिर्फ वनडे फॉर्मेट में सक्रिय हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड की धरती पर यह उनकी आखिरी अंतरराष्ट्रीय सीरीज रही।
बल्ले से नहीं चला रोहित-विराट का जादू
अपने आखिरी न्यूजीलैंड वनडे मुकाबले में दोनों स्टार बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। रोहित शर्मा महज 13 गेंदों का सामना करके 7 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, विराट कोहली भी अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके और 7 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि, दोनों बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बावजूद स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। हजारों की संख्या में फैंस अपने पसंदीदा भारतीय सितारों की एक झलक पाने के लिए बे ओवल पहुंचे थे।
रोहित-विराट ने फैंस का किया शुक्रिया
मुकाबले के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के फैंस के प्रति आभार जताया। दोनों दिग्गजों ने अपने आखिरी न्यूजीलैंड दौरे को यादगार बनाने के लिए दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।
रोहित और विराट ने भारतीय क्रिकेट को कई यादगार पारियां और ऐतिहासिक जीत दिलाई हैं। न्यूजीलैंड की धरती पर उनका यह आखिरी दौरा भी फैंस के लिए एक खास याद बन गया। भले ही आखिरी मुकाबले में दोनों के बल्ले से रन नहीं निकले, लेकिन मैदान पर उनकी मौजूदगी देखने के लिए उमड़े दर्शकों ने बता दिया कि इन दिग्गजों की लोकप्रियता कितनी बड़ी है।




