वैभव सूर्यवंशी के विकेट पर आक्रामक जश्न मनाना काइल जैमीसन को पड़ा भारी, BCCI ने लिया एक्शन
वैभव सूर्यवंशी को आक्रामक सेंड-ऑफ देना काइल जैमिसेन को भारी पड़ा। RR vs DC मैच के बाद BCCI ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज पर एक्शन लिया।

BCCI fined Kyle Jamieson for send-off to Vaibhav Sooryavanshi: IPL 2026 का 43वां मैच जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में जमकर रनों की बारिश देखने को मिली, लेकिन अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मार ली। मैच के दौरान कई रोचक पल देखने को मिले, जिन्होंने फैंस का ध्यान खींचा, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद काइल जैमीसन के आक्रामक सेंड-ऑफ की रही। इस वजह से अब BCCI ने डीसी के तेज गेंदबाज पर कड़ा एक्शन लिया है।
दरअसल, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी को स्ट्राइक पर आने का मौका मिला और उन्होंने दूसरे ओवर में काइल जैमीसन के खिलाफ चौका लगाकर अपना खाता खोला। हालांकि, जैमीसन ने जल्द ही वापसी की और राउंड द विकेट से शानदार यॉर्कर डालकर 15 वर्षीय बल्लेबाज को चकमा दे दिया। वैभव इस गेंद को डिफेंड करने में नाकाम रहे। गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगकर पैड से टकराई और फिर स्टंप्स पर जा लगी।
विकेट लेने के बाद दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जैमीसन ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया और वैभव के करीब जाकर उन्हें सेंड-ऑफ दिया। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी बवाल हुआ। कुछ फैंस का मानना था कि कम उम्र के वैभव को इस तरह से सेंड-ऑफ देना गलत है। वहीं, कुछ फैंस ने कहा कि प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उम्र मायने नहीं रखती। इस बहस के बीच BCCI ने कड़ा एक्शन लिया है।
काइल जैमीसन के खिलाफ BCCI ने क्या एक्शन लिया है?
BCCI ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ काइल जैमीसन के आक्रामक सेंड-ऑफ को आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आचार संहिता के स्तर 1 का उल्लंघन का दोषी पाया है। इसी वजह से उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट के साथ चेतावनी भी मिली है। जैमीसन को आईपीएल की कोड ऑफ कंडक्ट 2.5 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो "ऐसी भाषा, एक्शन या इशारे का उपयोग करने से संबंधित है जो किसी अन्य खिलाड़ी को उकसा सकता है या उसकी आक्रामक प्रतिक्रिया को बढ़ावा दे सकता है।
यह सजा मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा सुनाई गई। दिल्ली कैपिटल्स के काइल जैमीसन ने अपनी गलती मानते हुए सजा को स्वीकार कर लिया। इसी वजह से अब किसी सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी।
RR vs DC मैच का संक्षेप में हाल
मैच के हाल की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 225/6 का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19.1 ओवर में 226/3 का स्कोर बनाकर जीत दर्ज की। डीसी के बल्लेबाज केएल राहुल को 75 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




