सचिन के 3 महारिकॉर्ड्स, जिन्हें तोड़ने का सपना ही देख पाएंगे विराट कोहली और जो रूट
भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े महानायक हैं, उनके करियर में उन्होंने वो कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो शायद ही कभी टूट पाएंगे।

Sachin Tendulkar's Unbreakable Records: क्रिकेट की दुनिया में रिकॉर्ड बनते हैं और टूटते भी हैं, लेकिन कुछ ऐसे कीर्तिमान होते हैं जिनके सामने बड़े-बड़े दिग्गजों का सफर भी छोटा पड़ जाता है। भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपने करियर में कुछ ऐसे आंकड़े खड़े किए, जिन्हें छूना भी आज के बल्लेबाजों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।
वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे बड़े महानायक माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर के कुछ रिकॉर्ड्स तो बाकी दिग्गजों के लिए सिर्फ सपना भर हो सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि विराट कोहली और जो रूट जैसे मौजूदा दौर के दिग्गज भी इन रिकॉर्ड्स की बराबरी करने के लिए लंबा सफर तय करना होगा। आखिर क्या हैं वो 3 महारिकॉर्ड्स, जिनकी वजह से इस खिलाड़ी की बादशाहत आज भी कायम है?
#1. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का महारिकॉर्ड
क्रिकेट की दुनिया में लंबे समय तक अपनी बादशाहत कायम रखना हर खिलाड़ी के बस की बात नहीं होती, लेकिन सचिन तेंदुलकर ने इसे हकीकत में बदलकर दिखाया। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का ऐसा रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे तोड़ने के लिए किसी भी खिलाड़ी को दशकों तक लगातार मैदान पर उतरना होगा। सचिन ने अपने ऐतिहासिक करियर में कुल 664 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिनमें 200 टेस्ट, 463 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल रहा। साल 1989 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले सचिन ने 2013 में अपने शानदार सफर को अलविदा कहा। करीब 24 साल तक टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करना उनकी फिटनेस, निरंतरता और खेल के प्रति समर्पण का सबसे बड़ा प्रमाण है।
#2. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड
मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी का जादू सिर्फ उनके रनों तक सीमित नहीं था, बल्कि मैदान के हर कोने में गेंद पहुंचाने की उनकी कला भी उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाती थी। चौकों की बरसात हो या गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने का अंदाज, सचिन ने अपने बल्ले से कई पीढ़ियों के क्रिकेट प्रेमियों को दीवाना बनाया। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 4,340 बाउंड्री दर्ज हैं, जिनमें 4,076 चौके और 264 छक्के शामिल हैं। इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए किसी बल्लेबाज को न सिर्फ लंबे समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना होगा, बल्कि लगातार रन बनाने और गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने की क्षमता भी बरकरार रखनी होगी। यही इस रिकॉर्ड की सबसे बड़ी खासियत है।
यह भी पढ़े- जोस बटलर को अचानक क्या हुआ? हॉस्पिटल से तस्वीर सामने आते ही मची खलबली! क्या लंबे समय तक होंगे बाहर?
#3. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड
रनों के मामले में सचिन तेंदुलकर ने ऐसा शिखर हासिल किया, जहां तक पहुंचना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं है। टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल को मिलाकर सचिन के नाम कुल 34,357 रन दर्ज हैं। इसमें टेस्ट क्रिकेट के 15,921, वनडे के 18,426 और टी20 इंटरनेशनल के 10 रन शामिल हैं। मौजूदा दौर में विराट कोहली अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके हैं, जबकि जो रूट टेस्ट क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। हालांकि, सचिन के इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए इन दिग्गजों को भी लंबे समय तक इसी तरह रन बनाने होंगे।




