Sai Sudharsan Replacement: 3 बल्लेबाज जो साई सुदर्शन की जगह श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया में हो सकते हैं शामिल
श्रीलंका दौरे से साई सुदर्शन का चोट के कारण बाहर होना तय लग रहा है। जानिए उनके रिप्लेसमेंट के रूप में टीम इंडिया में कौन से 3 बल्लेबाज शामिल हो सकते हैं।

Sai Sudharsan Replacement: 15 अगस्त से भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की सीरीज की शुरुआत करनी है। इस सीरीज से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले ही बाहर हो गए थे और अब मीडिया रिपोर्ट्स में साई सुदर्शन के भी बाहर होने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, साई सुदर्शन अभी तक पूरी फिट नहीं हुए हैं और उन्हें पैर के अंगूठे में दिक्कत महसूस हो रही है।
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने बाएं हाथ के बल्लेबाज को फिट नहीं घोषित किया है। यही कारण है कि अब सुदर्शन का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलना लगभग असंभव है। अब सवाल उठ रहा है कि सुदर्शन के बाहर होने पर रिप्लेसमेंट के रूप में किस बल्लेबाज को टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है, तो हम आपको 3 दावेदारों के बारे में बताने जा रहे हैं।
साई सुदर्शन की जगह इन 3 बल्लेबाजों को मिल सकता है श्रीलंका दौरे पर मौका
1. सरफराज खान
घरेलू क्रिकेट में सरफराज खान को रन मशीन कहा जाता है। रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत दो साल पहले सरफराज को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित भी किया। हालांकि, 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज उनके लिए आखिरी साबित हुई और फिर खेलने का मौका नहीं मिला।
सरफराज खान को 2025 में इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में नहीं चुना गया और तब से वो बाहर ही चल रहे हैं। हालांकि, अब उन्हें साई सुदर्शन के बाहर होने पर चुना जा सकता है। बताया जा रहा है कि सरफराज को स्पिन खेलने की काबिलियत का फायदा मिल सकता है। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अभी तक 6 टेस्ट में 371 रन बनाए हैं।
2. रुतुराज गायकवाड़
श्रीलंका दौरे पर साई सुदर्शन को रिप्लेस करने के दावेदारों में रुतुराज गायकवाड़ का नाम भी शामिल है। रुतुराज को तकनीकी रूप से काफी सक्षम माना जाता है। उन्होंने टेस्ट में डेब्यू नहीं किया है लेकिन वनडे और टी20आई में भारत के लिए खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास में भी रुतुराज का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है।
वहीं, हाल ही में इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। हालांकि, उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था लेकिन गायकवाड़ एक शानदार बल्लेबाज हैं और मिडिल ऑर्डर में ही बल्लेबाजी करते हैं। इसी वजह से उनके नाम पर भी विचार किया जा सकता है।
3. रजत पाटीदार
साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के रूप में मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार की दावेदारी भी कम नहीं की जा सकती है। पाटीदार ने पिछले घरेलू सीजन में काफी अच्छा किया था। उन्होंने दलीप ट्रॉफी 2025 में 76.40 की औसत से 382 रन बनाए थे। पाटीदार पहले भी टीम इंडिया के लिए टेस्ट में खेल चुके हैं लेकिन तब कुछ खास नहीं कर पाए थे।
हालांकि, अब पाटीदार के खेल में काफी सुधार आया है और उन्होंने खुद को साबित भी किया है। यही कारण है कि BCCI की चयन समिति रजत को श्रीलंका दौरे के लिए सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के रूप में चुन सकती है।
यह भी पढ़ें: रोहित-विराट की वर्ल्ड कप 2027 में जरूरत नहीं? पूर्व साथी के बयान ने मचाई सनसनी
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




