आर्यवीर सहवाग नहीं छोड़ पाए छाप, अन्वय द्रविड़ ने तूफानी पारी से लूटी महफिल
भारतीय क्रिकेट के दो बड़े दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने भारतीय अंडर-19 के लिए डेब्यू किया।

Aryavir Sehwag and Anvay Dravid's Under-19 debut: क्रिकेट की दुनिया में जब दो दिग्गजों के बेटे एक ही मुकाबले में मैदान पर उतरते हैं, तो हर निगाह उनके प्रदर्शन पर टिक जाती है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर-19 मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। एक तरफ था उस विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का बेटा, जिसने अपने पिता के अंदाज से क्रिकेट की पहचान बनाई, तो दूसरी ओर मौजूद था ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर दिग्गज राहुल द्रविड़ का बेटा।
भारतीय अंडर-19 डेब्यू में जूनियर सहवाग फ्लॉप, द्रविड़ के बेटे की धूम
हालांकि, डेब्यू के इस मुकाबले में दोनों की कहानी एक जैसी नहीं रही। एक बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा, जबकि दूसरे ने तूफानी बल्लेबाजी से महफिल लूट ली।
जी हां... इंडियन क्रिकेट की यूथ ब्रिगेड ने अपने घर पर खेलने आई ऑस्ट्रेलिया की यंग टीम के साथ पहले वनडे मुकाबले में शानदार जीत हासिल की। राजकोट के निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने रोमांचक टक्कर के बीच 7 रन से मैच जीता। इस मैच में पूरा ध्यान राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों के डेब्यू पर था, जहां एक वीरेंद्र सहवाग का बेटा फ्लॉप रहा, तो वहीं जूनियर द्रविड़ ने अपने पिता के ठीक विपरित तूफानी तेवर दिखाकर हर किसी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया।
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने 26 गेंद में बनाए 28 रन
इस मैच में भारतीय अंडर-19 टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को ओपनिंग करने का मौका मिला। आर्यवीर सहवाग ने मुकाबले में 28 रन की पारी तो जरूर खेली, लेकिन इसके लिए वो काफी संघर्ष करते दिखे और 26 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 5 चौके लगाएं। आर्यवीर अपने पिता के अंदाज में खेलने के लिए जरूर पहचान बना रहे हैं, लेकिन डेब्यू मैच में उनका रंग फिका नजर आया।
यह भी पढ़े- Asian Games 2026: हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने जापान को बुरी तरह से रौंदा, सेमीफाइनल का कटाया टिकट
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने बल्ले से मचायी तबाही
दूसरी तरफ राहुल द्रविड़ वर्ल्ड क्रिकेट के दिग्गज टेस्ट बल्लेबाजों में शुमार रहे हैं, लेकिन उनके बेटे अन्वय द्रविड़ ने तो यहां बल्ले से जमकर तबाही मचा डाली। वो इस मैच में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने बल्ले से जलवा दिखाते हुए सिर्फ 18 गेंद में 3 चौके और 3 छक्कों से 200 से भी ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 38 रन ठोके। उनकी इस पारी ने आखिरी ओवर्स में भारतीय अंडर-19 टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
भारत अंडर-19 टीम ने पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को हराया
राजकोट में खेले गए इस मैच में बारिश की बाधा के बीच 20-20 ओवर का खेल हुआ। जिसमें भारतीय अंडर-19 टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम ने पूरा जोर तो लगाया, लेकिन वो 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बना सके और भारत ने मैच को 7 रन से जीता। इसके साथ ही भारतीय यूथ ब्रिगेड 3 मैच की सीरीज में 1-0 से लीड बना चुकी है।