क्रिकेट के मैदान के बाद अब सियासी पिच पर टक्कर! शमी को हसीन जहां ने दी चुनौती
टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर उनकी एक्स वाइफ हसीन जहां अब सियासी पिच पर मोर्चा खोलना चाहती है। शमी के राजनीति में उतरने की अटकलों के बीच हसीन जहां ने उन्हें चुनौती दी है।

Haseen Jahan challenges Mohammed Shami: भारतीय क्रिकेट टीमके स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में शमी की मुलाकात राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी से हुई थी, जिसके बाद उनके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में उतरने की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, शमी की ओर से अब तक चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बीच उनकी पत्नी हसीन जहां के एक बयान ने इस पूरे मामले को और सुर्खियों में ला दिया है।
मोहम्मद शमी के खिलाफ सियासी पिच पर टक्कर देना चाहती है हसीन जहां
दरअसल, जयंत चौधरी से शमी की मुलाकात के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उनके चुनाव लड़ने की चर्चा शुरू हुई। हालांकि, मौजूदा स्थिति में शमी के लिए यूपी से चुनाव लड़ने के रास्ते में एक अहम औपचारिकता भी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शमी पश्चिम बंगाल के मतदाता हैं और उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने के लिए उन्हें वहां की मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी होगा। ऐसे में फिलहाल उनके चुनावी मैदान में उतरने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
RLD नेता जयंत यादव से शमी की मुलाकात के बाद बयान आया सामने
इसी बीच हसीन जहां ने हिंदुस्तान को दिए एक इंटरव्यू में शमी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मोहम्मद शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य को चुनाव का टिकट मिलता है, तो वह उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगी। हसीन जहां ने यह भी कहा कि वह शमी का घमंड तोड़ेंगी। उनके इस बयान के बाद शमी के संभावित राजनीतिक डेब्यू की चर्चा के साथ-साथ दोनों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने भी एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं।
यह भी पढ़े-संन्यास की अटकलों के बीच रोहित शर्मा का बड़ा बयान, 2027 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर तोड़ी चुप्पी
मोहम्मद शमी के चुनाव लड़ने की कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं
बता दें कि मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है और दोनों के बीच तलाक का मामला भी अदालत में विचाराधीन है। ऐसे में अगर भविष्य में शमी वास्तव में चुनावी मैदान में उतरते हैं और हसीन जहां भी उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला करती हैं, तो यह मुकाबला काफी चर्चा में रह सकता है। हालांकि, फिलहाल शमी की ओर से चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।




