दिल्ली में शुरू हुई ‘दादागिरी’! सौरव गांगुली बने DC के हेड कोच, अब खत्म होगा IPL ट्रॉफी का सूखा?
आईपीएल 2027 को लेकर टीमों की तैयारियों के बीच इस टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक खिताब से मरहूम रही दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी ने बड़ा दांव खेलते हुए अपनी टीम में सौरव गांगुली को खास कमान सौंपी है।

Sourav Ganguly Appointed Head Coach of Delhi Capitals:आईपीएल के 19 साल के सफर में एक भी बार खिताबी स्वाद चख नहीं सकी दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पहले खिताब का इंतजार खत्म करने की तरफ एक खास कदम बढ़ा दिया है। इस फ्रेंचाइजी के लिए IPL की ट्रॉफी अब तक सबसे बड़ी चुनौती साबित हुई है, लेकिन अब दिल्ली ने भी सोच लिया है कि सिर्फ खिलाड़ी बदलने से काम नहीं चलेगा, इस बार ‘दादा’ को ही मैदान के बाहर उतारना पड़ेगा!
सौरव गांगुली बने दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच
फ्रेंचाइजी ने भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित कप्तानों में से एक सौरव गांगुली को टीम का नया हेड कोच बना दिया है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को फ्रेंचाइजी ने नए हेड कोच के लिए सौरव गांगुली के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। खास बात यह है कि गांगुली का दिल्ली से रिश्ता कोई नया नहीं है—वह पहले टीम के डायरेक्टर और मेंटॉर रह चुके हैं, जबकि फ्रेंचाइजी की SA20 टीम प्रीटोरिया कैपिटल्स को भी कोचिंग दे रहे हैं।
यह भी पढ़े- T20I करियर की पहली ही पारी में नहीं खुला खाता! ये 4 भारतीय बल्लेबाज डेब्यू मैच में हुए डक का शिकार
सौरव गांगुली ने कोच बनने को लेकर जाहिर की अपने मन की बात
सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच बनने को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि "मैं आईपीएल के हेड कोच का रोल संभालने के लिए तैयार हूं। दिल्ली कैपिटल्स वो फ्रेंचाइजी है जो मेरे दिल के करीब है और जिसके साथ मेरे सालों तक मजबूत संबंध रहे हैं। मैंने मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ काम किया है।"
दादा ने आगे कहा,
"हमारे पास टैलेंटेड ग्रुप है और हमने हाल के समय में अच्छी क्रिकेट खेली है। मैं टीम के साथ काम करने के लिए तैयार हूं। नए सीजन में हमारी कोशिश मजबूत और निडर टीम बनाने की होगी।"
फ्रेंचाइजी की तरफ से किया गया दादा का स्वागत
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और JSW Sports के फाउंडर पार्थ जिंदल ने कहा कि "सौरव गांगुली लंबे समय से फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दादा के अनुभव और नेतृत्व में टीम IPL खिताब के लिए मजबूती से चुनौती पेश करेगी।"
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के को-ओनर और GMR Sports के फाउंडर किरण कुमार ग्रांधी ने कहा कि "गांगुली ने फ्रेंचाइजी की क्रिकेटिंग संरचना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और क्रिकेटिंग समझ से टीम को आगे काफी फायदा मिलेगा।"
दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक नहीं जीता है कोई खिताब
आपको बता दें कि आईपीएल के पहले ही सीजन से दिल्ली की फ्रेंचाइजी खेल रही है। शुरुआत में उनकी टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था, जिसे 2018 में बदलकर दिल्ली कैपिटल्स कर दिया गया। टीम ने बहुत कोशिश के बावजूद अब तक कोई खिताब नहीं जीता है। टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 के आईपीएल में देखने को मिला था, जब वो फाइनल तक पहुंचे थे। ऐसे में सौरव गांगुली के आने से टीम को खिताबी सूखे को खत्म करने की उम्मीद है।
अपडेट जारी है....




