श्रीलंका क्रिकेट में मचा हड़कंप! मैच के दौरान हुआ विवाद, फिर कोच की मौत से सनसनी
भारत और श्रीलंका के बीच शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से ठीक पहले श्रीलंका में एक लोकल टूर्नामेंट में कोच की मौत के बाद सनसनी मच गई है।

Cricket coach dies following dispute in Sri Lanka: क्रिकेट का मैदान… जहां जीत और हार का फैसला बल्ले और गेंद से होता है। लेकिन श्रीलंका में एक क्रिकेट मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने पूरे खेल जगत को झकझोर दिया। मैच के बीच शुरू हुआ एक विवाद देखते ही देखते इतना गंभीर हो गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।
श्रीलंका में क्रिकेट कोच की मौत से सनसनी
भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू हो रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से ठीक पहले एक खबर ने पूरे श्रीलंकाई क्रिकेट के साथ ही क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। जहां हर किसी को हैरान कर दिया। 62 साल के एक क्रिकेट कोच की मौत हो गई और इस मामले में महज 17 साल के एक स्कूल क्रिकेटर को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है। आखिर मैदान पर ऐसा क्या हुआ था कि एक खेल मुकाबला इस दर्दनाक घटना में बदल गया?
खिलाड़ियों के बीच हुई लड़ाई में कोच ने गंवायी अपनी जान
दरअसल, यह घटना श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच के दौरान किसी बात को लेकर खिलाड़ियों और कोच सुमिथ फर्नांडो के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में मामला सामान्य बहस जैसा ही नजर आया, लेकिन कुछ ही समय में स्थिति बिगड़ती चली गई।
सुमिथ फर्नांडो की मारपीट के बीच 62 साल की उम्र में मौत
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को कोलंबो में एक क्रिकेट मैच के दौरान पीने के पानी को लेकर दो खिलाड़ियों के बीच विवाद शुरू हुआ। दोनों के बीच बहस बढ़ती देख कोच सुमित फर्नांडो भी वहां पहुंच गए और मामले में हस्तक्षेप करने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई। हमले के बाद उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद मंगलवार को सुमित फर्नांडो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े- 9 साल पहले गॉल में आखिरी बार मिली थी ऐतिहासिक जीत, आज कहां हैं वो 11 खिलाड़ी?
श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज कुसल मेंडिस के रहे हैं बचपन के कोच
सुमिथ फर्नांडो श्रीलंका के क्रिकेट सर्किल में जाने-पहचाने नाम बताए जा रहे हैं। और सबसे खास बात श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज कुसल मेंडिस के बचपन के भी कोच रहे हैं। सुमिथ युवा खिलाड़ियों के साथ काम करते थे और क्रिकेट से लंबे समय से जुड़े हुए थे। ऐसे में एक क्रिकेट मैच के दौरान उनकी मौत की खबर ने स्थानीय क्रिकेट समुदाय में भी चिंता पैदा कर दी है।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी
इस घटना ने मैदान पर खिलाड़ियों और कोच के बीच अनुशासन और व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक खेल मुकाबले के दौरान विवाद इतना क्यों बढ़ गया कि उसकी कीमत एक इंसान को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए नाबालिग खिलाड़ी से भी पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और कोच की मौत के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां कौन-सी थीं।




