सूर्यकुमार की T20I कप्तानी खतरे में? श्रेयस अय्यर बन सकते हैं कप्तान, आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे से संभालेंगे कमान
IPL 2026 के बीच भारत की T20I कप्तानी में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI सूर्यकुमार यादव को हटाने पर विचार कर रहा है और आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे से श्रेयस अय्यर को कमान मिल सकती है।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बाद टीम इंडिया एक्शन में नजर आएगी। जून में भारत को अफगानिस्तान से मुकाबले खेलने हैं, लेकिन इसमें एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे शामिल हैं। सबसे छोटे फॉर्मेट में जून के अंत में आयरलैंड दौरा और फिर जुलाई में इंग्लैंड दौरा शामिल है। इस दौरान कुल सात टी20आई मुकाबले खेले जाएंगे। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद से कोई भी सीरीज नहीं खेली है। इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने इतिहास रचा था और खिताब पर कब्जा जमाया था, लेकिन अब सूर्या को हटाकर श्रेयस अय्यर को T20I का नया कप्तान बनाया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल 2026 के बाद जब आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड का चयन होगा, उसी दौरान सूर्यकुमार यादव को सबसे छोटे फॉर्मेट की कप्तानी से हटाए जाने का फैसला भी लिया जा सकता है। इसके पीछे अहम वजह लंबे समय से उनका खराब बल्लेबाजी फॉर्म है और अब चयनकर्ताओं के सब्र का बांध टूट गया है। इसी वजह से चयन समिति कुछ नए चेहरों को मौका देना चाहती है। वहीं, श्रेयस अय्यर की टी20आई टीम में वापसी की प्रबल संभावना है और उन्हें कप्तानी भी सौंपी जा सकती है।
2028 टी20 वर्ल्ड कप और LA ओलंपिक्स में नए कप्तान के साथ नजर आ सकती है टीम इंडिया
भारतीय टीम का शेड्यूल अगले दो साल काफी व्यस्त रहने वाला है। इस दौरान कई द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन होना है। वहीं, 2028 में टी20 वर्ल्ड कप और फिर लॉस एंजेलिस ओलंपिक्स में भी टीम इंडिया को हिस्सा लेना है। हेड कोच गौतम गंभीर पहले ही बता चुके हैं कि उनका इरादा ओलंपिक्स में गोल्ड मेडल जीतने का है। सूर्या ने भी ऐसी ही इच्छा जाहिर की थी, लेकिन अब शायद उन्हें कप्तान के रूप में मौका न मिले। हालांकि, बल्लेबाज के रूप में उनकी जगह सुरक्षित रहेगी या नहीं, यह भी एक बड़ा सवाल है।
यह भी पढ़ें: IPL के बीच टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव बने पिता, पत्नी देविशा ने दिया प्यारी सी बेटी को जन्म
सूर्यकुमार ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नौ पारियों में 242 रन बनाए थे, जिसमें से 84 रनों की नाबाद पारी USA के खिलाफ ग्रुप स्टेज में आई थी। इसके बाद उन्होंने ज्यादातर मैचों में संघर्ष किया और उल्लेखनीय योगदान नहीं दे पाए। वहीं, पूर्णकालिक टी20आई कप्तान बनने के बाद से ही उनके बल्लेबाजी आंकड़े काफी साधारण रहे हैं। सूर्या ने 42 पारियों में 25.88 की औसत से 932 रन ही बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से छह अर्धशतक आए।
खराब फॉर्म के साथ चोट से भी जूझ रहे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव के लिए आउट ऑफ फॉर्म होने के साथ-साथ चोट भी बड़ी समस्या बनी हुई है। BCCI और टीम इंडिया से जुड़े करीबी सूत्रों ने खुलासा किया है कि दाएं हाथ का यह बल्लेबाज कलाई की समस्या से जूझ रहा है और दर्द व तकलीफ के बावजूद खेल रहा है। पिछले सीजन से मुंबई इंडियंस के साथ खेलते हुए वह अपनी दाहिनी कलाई पर भारी टेप लगाकर बल्लेबाजी और फील्डिंग कर रहे थे और सीधे दबाव डालने वाली चीजों से बच रहे थे।
हालांकि, टेपिंग और पैडिंग कोई बड़ी चीज नहीं है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी नियमित रूप से यह चीज देखी गई। कई बार बल्लेबाजी सेशन से पहले सूर्या ट्रीटमेंट लेते नजर आए। इस प्रक्रिया को कैमरों से दूर कई अन्य स्थानों पर भी दोहराया गया। जब सहायक कोच रयान टेन डोशेट से मीडिया से बातचीत के दौरान इस अभ्यास के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे टालते हुए कहा कि यह कोई परेशानी वाली बात नहीं है।
नए कप्तान की रेस में श्रेयस अय्यर की दावेदारी सबसे मजबूत
कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव को नियमित रूप से सफलता मिली है, लेकिन उनका खराब बल्लेबाजी फॉर्म, चोट और बढ़ती उम्र बदलाव की वजह बन सकती है। इसी वजह से श्रेयस अय्यर का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है, जो आईपीएल में खुद को साबित कर चुके हैं और 2024 के सीजन में KKR को चैंपियन भी बना चुके हैं। वहीं, 2025 में वह पंजाब किंग्स को फाइनल तक ले गए थे। मौजूदा सीजन में भी उनके नेतृत्व में टीम अच्छा कर रही है। इसके अलावा बल्ले से भी श्रेयस ने काफी प्रभावित किया है।
ईशान किशन और संजू सैमसन भी कप्तानी के विकल्प के रूप में मौजूद हैं, लेकिन श्रेयस अय्यर की दावेदारी ज्यादा मजबूत नजर आ रही है, क्योंकि उन्होंने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स को लीड करते हुए खुद को साबित किया है। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में भी उनके पास लीडरशिप का काफी अनुभव है।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




