न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, चार साल बाद भुवनेश्वर कुमार की हुई वापसी; जानें पूरा स्क्वाड
न्यूजीलैंड दौरे पर 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए BCCI ने टीम इंडिया के 16 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें भुवनेश्वर कुमार भी शामिल हैं।

टीम इंडिया को अक्टूबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करना है। इस दौरान 22 अक्टूबर से दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज (IND vs NZ T20 Series) खेली जाएगी। इसके लिए BCCI ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। स्क्वाड में 16 खिलाड़ी शामिल हैं लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी हो रही है। भुवी ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में अपना आखिरी मैच खेला था और अब चार साल बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी का मौका मिला है।
इस अनुभवी खिलाड़ी की वापसी के पीछे आईपीएल 2026 का धमाकेदार प्रदर्शन है, जिसमें उन्होंने 16 मैचों में 17.89 की औसत से 28 विकेट चटकाए और उनका इकॉनमी रेट 7.95 था। तभी से उनकी वापसी की मांग हो रही थी और अब भुवी का सिलेक्शन हो गया है।
वरुण चक्रवर्ती भी हुए फिट, रवि बिश्नोई ड्रॉप
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुने गए ज्यादातर खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली सबसे छोटे फॉर्मेट की सीरीज के लिए भी बरकरार रखा है। हालांकि, साइड स्ट्रेन के कारण अफगानिस्तान टी20 सीरीज के बीच से बाहर होने वाले वरुण चक्रवर्ती की वापसी हुई है। उन्होंने चोट की वजह से एशियन गेम्स 2026 और वेस्टइंडीज टी20 सीरीज भी मिस की लेकिन अब दोबारा से स्क्वाड में चुने गए हैं।
हालांकि, उनके आने से लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को अपनी जगह गंवानी पड़ी है। वहीं, दूसरे स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव ने अपनी जगह बनाए रखी है।
हार्दिक पांड्या और हर्षित राणा नहीं हासिल कर पाए फिटनेस
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज हर्षित राणा की वापसी की भी संभावना जताई जा रही थी लेकिन ये दोनों खिलाड़ी स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं। हालिया मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी सामने आई थी कि हार्दिक अभी पूरी तरह नहीं फिट हो पाए हैं और इसी वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की अनाधिकारिक वनडे सीरीज से भी बाहर होना पड़ा। वहीं, हर्षित की रिकवरी भी बुखार और खराश की वजह से प्रभावित हुई।
न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में शुरू हुई ‘दादागिरी’! सौरव गांगुली बने DC के हेड कोच, अब खत्म होगा IPL ट्रॉफी का सूखा?
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




