3 बल्लेबाज, जिन्होंने 3 मैचों की वनडे सीरीज में बनाया है सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड
किसी बल्लेबाज के लिए 3 मैचों की वनडे सीरीज में रनों का अंबार लगाना अपने आप में खास उपलब्धि है। कुछ ऐसे बल्लेबाज रहे हैं, जिन्होंने छोटी सीरीज में ही 350 से ज्यादा रन भी ठोके हैं।

Most Runs in a 3 Match ODI Series: वनडे क्रिकेट में किसी एक सीरीज के दौरान लगातार बल्ले से धमाका करना आसान नहीं होता, लेकिन जब मुकाबले सिर्फ तीन हों और कोई बल्लेबाज हर मैच में बड़ी पारी खेलकर 350 से ज्यादा रन जोड़ दे, तो वह प्रदर्शन सीधे रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो जाता है। तीन मैचों की बाइलेट्रल ODI सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड लंबे समय तक एक ही बल्लेबाज के नाम रहा, लेकिन कुछ साल बाद एक भारतीय स्टार ने उसकी बराबरी कर ली। 2026 में न्यूजीलैंड के एक धाकड़ बल्लेबाज ने भी इस खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। तो चलिए 3 मैचों की बाइलेट्रल वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 3 टॉप बल्लेबाजों के बारे में बात करते हैं।
#1. बाबर आजम- 360 रन (बनाम वेस्टइंडीज, 2016)
साल 2016 में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज में बाबर आजम ने ऐसा प्रदर्शन किया था, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में पहुंचा दिया। उस समय महज 21 साल के बाबर ने सीरीज के तीनों मैचों में शतक लगाया। उन्होंने पहले ODI में 131 गेंदों पर 120 रन बनाए। इसके बाद दूसरे मुकाबले में 126 गेंदों पर 123 रन की पारी खेली। तीसरे और आखिरी ODI में भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने 106 गेंदों पर 117 रन ठोक दिए। इस तरह तीन पारियों में बाबर के बल्ले से कुल 360 रन निकले। पाकिस्तान ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की और बाबर को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। बाबर की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने तीनों मैचों में शतक लगाए। 360 रन के साथ वह उस समय तीन मैचों की ODI सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। उनके तीन लगातार शतकों ने इस रिकॉर्ड को और खास बना दिया।
जनवरी 2023 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज में शुभमन गिलने बाबर आजम के रिकॉर्ड की बराबरी कर दी। हैदराबाद में खेले गए पहले ODI में गिल ने महज 149 गेंदों पर 208 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 19 चौके और 9 छक्के लगाए। दूसरे ODI में वह 53 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने फिर अपना जलवा दिखाया। इंदौर में गिल ने सिर्फ 78 गेंदों पर 112 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 5 छक्के शामिल थे। इस तरह तीन मैचों में उनका कुल स्कोर भी 360 रन पहुंच गया। गिल ने बाबर आजम के 360 रन के रिकॉर्ड की बराबरी की और तीन मैचों की द्विपक्षीय ODI सीरीज में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
यह भी पढ़े- वनडे में विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले 3 बल्लेबाज, इस खिलाड़ी के आगे नहीं ठहरते धोनी
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने 2026 में भारत के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए इस रिकॉर्ड लिस्ट में अपनी जगह बना ली। सीरीज के पहले मुकाबले में मिचेल ने 71 गेंदों पर 84 रन बनाए। दूसरे ODI में उन्होंने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और 117 गेंदों पर नाबाद 131 रन की पारी खेली। इसके बाद इंदौर में खेले गए तीसरे और निर्णायक मुकाबले में मिचेल ने 131 गेंदों पर 137 रन ठोक दिए। इन तीन पारियों के दम पर उनके खाते में कुल 352 रन जमा हुए। मिचेल को सीरीज का प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया और उनके 352 रन भारत में तीन या उससे कम मैचों की सीरीज में किसी विदेशी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन भी रहे।




