वनडे में विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले 3 बल्लेबाज, इस खिलाड़ी के आगे नहीं ठहरते धोनी
वनडे क्रिकेट में विकेटकीपर-कप्तान के रूप में कईं दिग्गज खिलाड़ी शामिल रहे हैं। जिसमें महेंद्र सिंह धोनी से लेकर एबी डिविलियर्स, कुमार संगकारा रहे हैं, लेकिन एक खिलाड़ी हर किसी से आगे रहा है।

Most Centuries as Wicketkeeper-Captain in ODIs: वनडे क्रिकेट में कप्तानी और विकेटकीपिंग की दोहरी जिम्मेदारी संभालना आसान नहीं होता। एक तरफ कप्तान के तौर पर टीम की रणनीति और फैसलों का दबाव होता है, तो दूसरी ओर विकेट के पीछे लगातार चुस्त रहना और फिर बल्ले से टीम के लिए बड़ी पारी खेलना पड़ता है। यही वजह है कि विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर शतक लगाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
लेकिन इस रिकॉर्ड का जिक्र होते ही हर किसी के मन में भारत के पूर्व महान विकेटकीपर कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी का नाम आ जाता है, लेकिन इस मामले में धोनी नहीं बल्कि ऐसा खिलाड़ी है, जिसमें कुछ ही पारियों में विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर शतकों की झड़ी लगा दी है। तो चलिए आपको बताते हैं वनडे फॉर्मेट में वो 3 विकेटकीपर-कप्तान जिन्होंने सबसे ज्यादा शतक लगाएं हैं।
वेस्टइंडीज के शाई होप ने विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में नया मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कप्तान और विकेटकीपर की भूमिका निभाते हुए 53 पारियों में कुल 8 शतक लगाए हैं। यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पीछे मौजूद दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए उनसे कहीं ज्यादा पारियां खेली थीं।
होप लंबे समय से वेस्टइंडीज की वनडे टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत उनका संयम, पारी को आगे बढ़ाने की क्षमता और जरूरत के मुताबिक रन गति बढ़ाना है। कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन में निरंतरता देखने को मिली है। विकेटकीपिंग के साथ बल्लेबाजी और कप्तानी का भार संभालते हुए 53 पारियों में 8 शतक लगाना उनके रिकॉर्ड की खासियत को और बड़ा बना देता है।
#2. महेंद्र सिंह धोनी (भारत) – 6 शतक, 172 पारियां
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार एमएस धोनी इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। धोनी ने भारत के लिए विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर 172 पारियां खेलीं और इस दौरान 6 शतक लगाए। धोनी की पहचान वैसे तो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, शानदार फिनिशिंग और बेहतरीन कप्तानी के लिए रही, लेकिन वनडे में उन्होंने कई यादगार शतक भी लगाए।
खास बात यह है कि धोनी ने अपने करियर के बड़े हिस्से में नंबर 5 या नंबर 6 पर बल्लेबाजी की, जहां उनके पास सलामी बल्लेबाजों की तरह लंबी पारी खेलने का हमेशा मौका नहीं होता था। इसके बावजूद उन्होंने टीम की जरूरत के मुताबिक खुद को ढाला और कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों से भारत को बाहर निकाला। विकेट के पीछे उनकी जिम्मेदारी और मैदान पर कप्तानी के साथ बल्ले से योगदान ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे खास विकेटकीपर-कप्तानों में शामिल किया।
#3. एबी डिविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका) – 4 शतक, 27 पारियां
दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स इस रिकॉर्ड में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर सिर्फ 27 पारियों में 4 शतक लगाए। यानी इस मामले में डिविलियर्स का शतक लगाने का अनुपात बेहद प्रभावशाली रहा। डिविलियर्स को दुनिया के सबसे विस्फोटक और अनोखे बल्लेबाजों में गिना जाता है। वह मैदान के लगभग हर हिस्से में शॉट खेलने की क्षमता रखते थे और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी संभालते हुए उन्होंने कई अहम मुकाबलों में बल्ले से टीम का नेतृत्व किया। हालांकि, विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर शतकों की इस सूची में उनके 4 शतक उन्हें तीसरे स्थान पर रखते हैं। उनकी खासियत यह रही कि उन्होंने सिर्फ 27 पारियों में यह आंकड़ा हासिल कर लिया, जो उनकी असाधारण बल्लेबाजी क्षमता को दर्शाता है।




