फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर, टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट देखकर चौंक जाएंगे
चिन्मय सुथार ने रणजी ट्रॉफी में मिजोरम के लिए नाबाद 400 रन ठोककर इतिहास रच दिया है। लेकिन फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में रनों का यह सफर यहीं खत्म नहीं होता। इस फॉर्मेट में एक बल्लेबाज ऐसा भी है, जिसने 500 रन का जादुई आंकड़ा छू लिया था।

Highest Scores in First-Class Cricket: क्रिकेट के मैदान पर शतक और दोहरे शतक तो आपने कई बार देखे होंगे, लेकिन जब कोई बल्लेबाज एक ही पारी में 400 रन का आंकड़ा पार कर जाए, तो यह कारनामा इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाता है। भारत के घरेलू क्रिकेटमें मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुथार ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने 400 रन की मैराथन पारी खेलकर भारतीय घरेलू क्रिकेट में 78 साल बाद ये खास कमाल किया है। लेकिन फिर भी उनकी पारी टॉप-5 में नहीं आती है। तो चलिए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं वो 5 बल्लेबाज जिनके नाम फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है।
#1. ब्रायन लारा – 501 रन नाबाद
फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाम है। उन्होंने जून 1994 में इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट में वार्विकशायर की ओर से डरहम के खिलाफ एजबेस्टन मैदान पर नाबाद 501 रन बनाए थे। लारा ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान 427 गेंदों का सामना किया और 62 चौके तथा 10 छक्के लगाए। उन्होंने लगभग 7 घंटे 54 मिनट तक बल्लेबाजी की। इस पारी के साथ लारा फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने और हनीफ मोहम्मद के 499 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
#2. हनीफ मोहम्मद – 499 रन
पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज हनीफ मोहम्मद ने जनवरी 1959 में कराची की ओर से बहावलपुर के खिलाफ 499 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उन्होंने इस दौरान 635 गेंदों का सामना किया और 64 चौके लगाए। वह केवल एक रन से 500 रन का आंकड़ा छूने से चूक गए थे। उनकी पारी का अंत रन आउट के रूप में हुआ। हनीफ का यह रिकॉर्ड करीब 35 साल तक कायम रहा, जब तक ब्रायन लारा ने 1994 में 501 रन बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड नहीं बनाया।
#3. डॉन ब्रैडमैन – 452 रन नाबाद
ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन ने जनवरी 1930 में शेफील्ड शील्ड के मुकाबले में न्यू साउथ वेल्स की ओर से क्वींसलैंड के खिलाफ नाबाद 452 रन बनाए थे। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेली गई इस पारी में उन्होंने 465 गेंदों का सामना किया और 49 चौके लगाए। उस समय उनकी यह पारी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट का विश्व रिकॉर्ड बन गई थी। ब्रैडमैन ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और इस मुकाबले में न्यू साउथ वेल्स ने क्वींसलैंड को 685 रन से हराया।
यह भी पढ़े- कौन हैं चिन्मय सुथार? रणजी ट्रॉफी में 400 रन ठोककर रचा इतिहास
#4. भाऊसाहेब निम्बालकर – 443 रन नाबाद
भारत के भाऊसाहेब निम्बालकर ने दिसंबर 1948 में रणजी ट्रॉफी के एक मुकाबले में महाराष्ट्र की ओर से काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे। पुणे के पूना क्लब ग्राउंड पर खेली गई इस पारी में उन्होंने 49 चौके और एक छक्का लगाया। निम्बालकर ने लगभग 494 मिनट तक बल्लेबाजी की और उस समय फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। उनकी यह पारी आज भी भारतीय घरेलू क्रिकेट की सबसे ऐतिहासिक पारियों में गिनी जाती है।
#5. विलियम पोंसफोर्ड – 437 रन
ऑस्ट्रेलिया के विलियम पोंसफोर्ड, जिन्हें बिल पोंसफोर्ड के नाम से भी जाना जाता है, ने दिसंबर 1927 में विक्टोरिया की ओर से क्वींसलैंड के खिलाफ 437 रन की शानदार पारी खेली थी। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शेफील्ड शील्ड के इस मुकाबले में उन्होंने 42 चौके लगाए और लगभग 621 मिनट तक क्रीज पर डटे रहे। पोंसफोर्ड ने अपनी ही पिछली उपलब्धि को पीछे छोड़ते हुए फर्स्ट-क्लास क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, उनका यह रिकॉर्ड ज्यादा समय तक कायम नहीं रहा और जनवरी 1930 में डॉन ब्रैडमैन ने 452 रन बनाकर उनसे यह रिकॉर्ड छीन लिया।




