ODI में कप्तान रहते किसने लगाए सबसे ज्यादा शतक? टॉप-5 में 2 भारतीय दिग्गज भी शामिल
वनडे क्रिकेट फॉर्मेट में कुछ ऐसे दिग्गज बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने बतौर कप्तान भी अपने बल्ले की खूब धमक दिखाई है। वर्ल्ड क्रिकेट में वनडे में कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में हिट रहने वाले करिश्माई कप्तान

Most ODI Centuries as Captain:वनडे क्रिकेट में कप्तानी का मतलब सिर्फ टीम की रणनीति बनाना नहीं होता, बल्कि कप्तान के बल्ले पर भी करोड़ों फैंस की नजर रहती है। जब जिम्मेदारी बढ़ती है, तो कई बल्लेबाजों का प्रदर्शन दबाव में फीका पड़ जाता है, लेकिन दुनिया के कुछ दिग्गज ऐसे भी रहे हैं, जिन्होंने कप्तानी का ताज पहनते ही बल्ले से और बड़ा धमाका किया।
इनमें कुछ नाम तो ऐसे हैं, जिन्हें देखकर आपको अंदाजा भी नहीं होगा कि वे इस खास रिकॉर्ड की लिस्ट में शामिल हैं। तो आखिर कौन हैं वनडे क्रिकेट में कप्तान रहते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाज?
#5. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)
श्रीलंका के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने कप्तान के रूप में भी अपने आक्रामक अंदाज से खूब सुर्खियां बटोरीं। 1998 से 2003 के बीच श्रीलंका की कमान संभालने वाले जयसूर्या ने बतौर कप्तान 10 वनडे शतक लगाए। उन्होंने कप्तानी के दौरान 118 मैचों की 118 पारियों में 38.73 की औसत और 88.05 के स्ट्राइक रेट से 4,377 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 25 अर्धशतक भी निकले। भारत के खिलाफ उनकी 189 रन की तूफानी पारी आज भी वनडे क्रिकेट की यादगार पारियों में शामिल है।
#4. सौरव गांगुली (भारत)
भारतीय क्रिकेट को निडर अंदाज में खेलने की राह दिखाने वाले सौरव गांगुली इस खास सूची में चौथे नंबर पर हैं। 1999 से 2005 के बीच टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले गांगुली ने बतौर कप्तान 11 वनडे शतक लगाए। कप्तानी के दौरान उन्होंने 147 मैचों की 143 पारियों में 38.66 की औसत से 5,104 रन बनाए। गांगुली की कप्तानी में भारत ने कई यादगार मुकाबले खेले और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिला। उनका आक्रामक नेतृत्व भारतीय क्रिकेट के बदलाव के दौर की बड़ी वजह माना जाता है।
#3. एबी डी विलियर्स ( दक्षिण अफ्रीका)
दक्षिण अफ्रीका के ‘मिस्टर 360 डिग्री’ एबी डी विलियर्स अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए दुनियाभर में मशहूर रहे। 2012 से 2017 तक टीम की कप्तानी करने वाले डी विलियर्स ने बतौर कप्तान 13 वनडे शतक लगाए। उन्होंने 103 मैचों की 98 पारियों में 63.94 की शानदार औसत से 4,796 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 110.48 रहा, जो उनके आक्रामक अंदाज को बखूबी दर्शाता है। कप्तानी के दबाव के बावजूद डी विलियर्स ने कई मौकों पर अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया।
#2. विराट कोहली (भारत)
भारत के विराट कोहली का नाम सबसे खास है। 2013 से 2021 के बीच वनडे कप्तानी संभालने वाले कोहली ने बतौर कप्तान 21 शतक लगाए। उन्होंने सिर्फ 95 मैचों की 91 पारियों में 72.65 की अविश्वसनीय औसत से 5,449 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 98.28 रहा और सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 160 रन रहा। कप्तानी के दौरान कोहली का बल्लेबाजी प्रदर्शन और भी शानदार हुआ और उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
यह भी पढ़े- सचिन vs विराट: पहले 5 साल में सचिन का खाता खाली, विराट ने ठोके इतने शतक, आंकड़े कर देंगे हैरान
#1. रिकी पोंटिंग ( ऑस्ट्रेलिया)
इस सूची के शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। 2002 से 2012 तक कंगारू टीम की कप्तानी करने वाले पोंटिंग ने नेतृत्व के साथ-साथ बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। बतौर वनडे कप्तान उन्होंने 22 शतक लगाए, जो इस सूची में सबसे ज्यादा हैं। कप्तानी के दौरान पोंटिंग ने 230 मैचों की 220 पारियों में 42.91 की औसत और 83.41 के स्ट्राइक रेट से 8,497 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 164 रन रहा। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने दो वनडे वर्ल्ड कप जीते और उनका 22 शतकों का रिकॉर्ड आज भी कायम है।




