5 टीमें जिन्होंने IPL में अपनी विरोधी टीमों को सबसे ज्यादा बार किया है ऑल-आउट, MI सबसे आगे
IPL Stats: आईपीएल में अपनी विरोधी टीम के सभी 10 बल्लेबाजों को आउट करने का कारनामा सबसे ज्यादा बार मुंबई इंडियंस ने किया है।

व्हाइट-बॉल क्रिकेट में हर टीम की सबसे पहली कोशिश पूरे ओवर खेलने की होती है। हर टीम ऑल-आउट होने से बचती है। जब भी कोई टीम ऑल-आउट होती है, तो इससे सभी प्लेयर्स का मनोबल टूट जाता है, जिसका असर उनके प्रदर्शन पर भी साफ दिखाई जाता है। आईपीएल जैसी बड़ी टी20 लीग में भी ये चीज लागू होती है। आईपीएल में सबसे ज्यादा बार ऑल-आउट होने का शर्मनाक रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज है।
DC की टीम आईपीएल में 31 बार ऑल-आउट हो चुकी है। इस आर्टिकल में हम उन 5 टीमों के बारे में जिक्र कराएंगे, जिन्होंने IPL में अपनी विरोधी टीमों को सबसे ज्यादा बार ऑल-आउट किया है।
5 टीमें जिन्होंने IPL में अपनी विरोधी टीमों को सबसे ज्यादा बार किया है ऑल-आउट
1. मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस संयुक्त रूप से आईपीएल की सबसे सफल टीम है। MI ने पांच बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने में कामयाबी हासिल की है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में 280 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान उसने 40 बार अपनी विरोधियों को ऑल-आउट करने का कारनामा किया है। मुंबई ने आईपीएल में अब तक 152 मैच जीते हैं।
2. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रजत पाटीदार की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आती है। RCB ने 28 दफा अपनी विरोधी टीमों को ऑल-आउट करके दिखाया है। आईपीएल में आरसीबी अब तक 274 मैच खेल चुकी है और 133 मुकाबलों में जीत अर्जित की है। टीम ने एक बार ट्रॉफी जीती है।
यह भी पढ़ें: 5 भारतीय बल्लेबाज जिन्होंने टी20 क्रिकेट में जड़े हैं सबसे ज्यादा छक्के
3. चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल में सबसे जायदा टाइटल जीतने के मामले में संयुक्त रूप से पहले पायदान पर मौजूद है। CSK ने पांच बार टाइटल जीता है, जो धोनी की कप्तानी में आए हैं। चेन्नई ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 26 बार अपनी विरोधी टीमों को ऑल-आउट करने का कीर्तिमान बनाया है। आईपीएल में चेन्नई ने 257 में से 143 मुकाबलों में जीत का परचम लहराया है।
4. कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल में सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी जीतने के मामले में दूसरे नंबर पर आती है। इस टीम ने तीन बार टाइटल अपने नाम किया है। KKR ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 25 बार अपनी सामने वाली टीम को ऑल-आउट करके दिखाया है। कोलकाता की टीम आईपीएल में 135 मैच जीत चुकी है।
5. सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद ने 22 मैचों में अपनी विरोधी टीम के सभी 10 खिलाड़ियों को आउट करने की उपलब्धि हासिल की है। SRH ने आईपीएल के इतिहास में 200 मैच खेल लिए हैं और 94 में जीत अर्जित की है।
(नोट: आर्टिकल में बताए गए आंकड़े 11 अप्रैल, 2026 तक के हैं।)




