Sandpaper Gate: 8 साल बाद उस्मान ख्वाजा का सनसनीखेज खुलासा, बोले- 'हम सभी शामिल थे', ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में मचा हड़कंप!
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के 2018 के सेंडपेपर गेट की चिंगारी एक बार फिर से उठ गई है, जहां कंगारू टीम के ही पूर्व दिग्गज बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने कांड को लेकर हैरान करने वाला खुलासा किया है।

Australia Team Sandpaper Gate: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसी घटनाएं दर्ज हैं, जिन्हें चाहकर भी कभी भुलाया नहीं जा सकता। मैदान पर जीत के लिए हर संभव कोशिश करने वाली एक दिग्गज टीम पर ऐसा दाग लगा था, जिसने पूरी दुनिया में उसकी छवि को हिलाकर रख दिया। उस समय इस विवाद की जिम्मेदारी कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों पर डाल दी गई थी, लेकिन अब करीब 8 साल बाद एक ऐसा दावा सामने आया है, जिसने पुराने जख्मों को फिर से हरा कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में इस विवाद को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिससे पूरी टीम की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ख्वाजा की किताब में सैंडपेपर कांड को लेकर बड़ा खुलासा
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा जल्द ही अपनी आत्मकथा 'सब्र' प्रकाशित करने वाले हैं। हालांकि, किताब के कुछ अंश पहले ही सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड में प्रकाशित हो चुके हैं। इन अंशों में ख्वाजा ने 2018 के सैंडपेपर कांड को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए हैं।
ख्वाजा के मुताबिक, केपटाउन में हुए गेंद से छेड़छाड़ के विवाद की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम इस मामले में शामिल थी। उनके इस दावे ने उस समय टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों के पुराने बयानों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
'हम सभी शामिल थे', ख्वाजा के बयान से मची हलचल
उस्मान ख्वाजा ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए इंटरव्यू में इस विवाद पर अपनी बात रखते हुए कहा, "सैंडपेपर गेट में हम सभी शामिल थे। न बैट्समैन, न बॉलर, न स्टाफ, हम सब।"
इतना ही नहीं, ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में यह दावा भी किया है कि केपटाउन टेस्ट से पहले खेले गए मुकाबले में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था। इस तरह उनका दावा है कि गेंद से छेड़छाड़ की कहानी सिर्फ एक टेस्ट मैच तक सीमित नहीं थी। हालांकि, यह ख्वाजा का दावा है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
पैट कमिंस समेत चार गेंदबाजों के पुराने बयान पर सवाल
सैंडपेपर कांड के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के चार प्रमुख गेंदबाजों पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने अपनी भूमिका से इनकार किया था। साल 2021 में चारों गेंदबाजों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्हें मैदान पर गेंद से छेड़छाड़ के लिए किसी बाहरी चीज के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी।
ऐसे में ख्वाजा का ताजा दावा एक बार फिर इन चारों खिलाड़ियों के पुराने बयानों को चर्चा में ले आया है। उनके खुलासे के बाद क्रिकेट जगत में इस बात को लेकर नई बहस शुरू हो सकती है कि आखिर 2018 में ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम के भीतर क्या चल रहा था।
यह भी पढ़े- IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! 7 टीमों के कप्तान बदलने की तैयारी, लिस्ट में चैंपियन भी शामिल
क्या था 2018 का सैंडपेपर कांड?
मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान यह विवाद सामने आया था। मुकाबले के तीसरे दिन कैमरन बैनक्रॉफ्ट को कैमरे में सैंडपेपर से गेंद की सतह रगड़ते हुए पकड़ा गया था। इसका मकसद गेंद की स्थिति बदलकर गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग हासिल करने में मदद करना था।
जांच के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया, जबकि बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया। इसके अलावा वॉर्नर पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में कप्तानी करने का आजीवन प्रतिबंध भी लगाया गया था, जिसे 2024 में हटा दिया गया।




