Vaibhav Sooryavanshi Score: डेब्यू T20I में वैभव सूर्यवंशी ने कितने रन बनाए?
इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए T20I डेब्यू किया। उन्होंने अपने पहले मैच में 10 गेंदों में 14 रन बनाए।

Vaibhav Sooryavanshi Score ENG vs IND 2nd T20I: इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में वैभव सूर्यवंशी को भारत के लिए डेब्यू का मौका मिला। आयरलैंड दौरे से उन्हें प्लेइंग XI में जगह नहीं मिल रही थी, लेकिन 4 जुलाई को उनका इंतजार खत्म हो गया। इस तरह सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। हालांकि, डेब्यू मैच में सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 15 वर्षीय खिलाड़ी के बल्ले से 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 14 रन आए।
डेब्यू T20I में वैभव सूर्यवंशी ने बनाए 14 रन
वैभव सूर्यवंशी के शानदार फॉर्म को देखते हुए फैंस उनसे डेब्यू टी20आई मैच में बड़ी पारी की आस लगाए हुए थे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मैनचेस्टर में वैभव ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन कुछ दर्शनीय शॉट खेलने के बाद आउट हो गए। वैभव का विकेट इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने लिया।
जैक्स की गेंद पर वैभव ने आगे बढ़कर शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन चूक गए। इसी मौके का फायदा विकेटकीपर जोस बटलर ने उठाया और स्टंपिंग कर दी। तीसरे अंपायर ने रीप्ले में सूर्यवंशी को क्रीज से बाहर पाया और उन्हें आउट करार दिया।
आर्चर और टंग के खिलाफ वैभव ने लगाए छक्के
वैभव सूर्यवंशी की डेब्यू मैच में भारत के लिए पारी छोटी रही लेकिन उन्होंने इस दौरान दो शॉट कमाल के खेले, जिन पर सभी तालियां बजाने के लिए मजबूर हो गए। सूर्यवंशी ने अपना खाता एक रन लेकर खोला लेकिन इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के अपने साथ जोफ्रा आर्चर की पहली ही गेंद पर जबरदस्त छक्का जड़ा। एक घुटने पर बैठकर, पीछे हटते हुए और गेंद की लाइन में आकर उन्होंने कीपर के सिर के ऊपर से हवा में शॉट खेला। गेंद बाउंड्री के पार चली गई और उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला छक्का लगाया।
भारत के लिए सबसे कम उम्र के खिलाड़ी ने अपनी पारी का दूसरा छक्का इंग्लैंड के टी20आई डेब्यूटांट तेज गेंदबाज जोश टंग के खिलाफ जड़ा। भारतीय पारी का चौथा ओवर डालने आए टंग की पहली गेंद पर सूर्यवंशी ने जबरदस्त शॉट खेला। उन्होंने क्रीज पर अच्छी तरह इतंजार किया और फिर अपने बड़े बैट-स्विंग से गेंद को मिड-विकेट के ऊपर से हवा में भेजकर दूसरा छक्का लगाया।
भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी बने डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया, जो एक नया रिकॉर्ड है। अभी तक पुरुष में सचिन तेंदुलकर (16 साल 205 दिन) ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर रखा था। वहीं, भारतीय महिला टीम की तरफ से शैफाली वर्मा (15 साल 239 दिन) रिकॉर्ड होल्डर थीं। अब वैभव इन दोनों से ही आगे निकल गए हैं।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी बने भारतीय क्रिकेट के सबसे युवा खिलाड़ी, सचिन तेंदुलकर को पीछे कर लिखा नया इतिहास




