IPL के बाद अब टीम इंडिया की बारी, वैभव सूर्यवंशी को 15वें जन्मदिन पर मिली सबसे खास 'खुशखबरी'
वैभव सूर्यवंशी आज 15 सालों के हो गए हैं। इसी के साथ वह ICC नियम के तहत इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के लिए एलिजिबल गए हैं। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें भारत की सीनियर टीम की कैप कब मिलती है।

Vaibhav Suryavanshi Birthday: IPL 2025 में जिस युवा खिलाड़ी ने अपने चौकों-छक्कों से सभी का दिल जीता था वो वैभव सूर्यवंशी थे। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने करियर के पहले आईपीएल सीजन में ही तबाही मचा दी थी। सूर्यवंशी आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए थे।
हालांकि, आईपीएल के 18वें सीजन में इतना खतरनाक प्रदर्शन करके के बावजूद, उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था, जिसके पीछे एक बड़ी वजह थी। दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के लिए खिलाड़ी की उम्र 15 साल से ऊपर होनी चाहिए और सूर्यवंशी की उम्र 14 साल थी। ये आईसीसी का नियम है।
सूर्यवंशी अब कर सकते हैं इंटरनेशनल डेब्यू
IPL 2026 के आगाज से पहले सूर्यवंशी के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, वो आगामी सीजन में 15 वर्षीय खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरेंगे। इसी के साथ उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का दरवाजा भी खुल गया है। सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च, 2011 में हुआ था और आज 27 मार्च, 2026 है। अब सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने के लिए एलिजिबल हो गए हैं।
सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में मचाया था गदर
बाएं हाथ के खिलाड़ी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने टूर्नामेंट में 7 मैचों में 62.71 की औसत से 439 रन बनाए थे। सूर्यवंशी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर रहे थे। फाइनल में इंग्लैंड के विरुद्ध सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर नाबाद 175 रन ठोके थे। उन्होंने भारत को ट्रॉफी जिताने में अहम रोल अदा किया था।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: सभी 10 टीमों के ओपनर्स तय, किसके पास सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ी?
T20I में पहले हो सकता है सूर्यवंशी का डेब्यू
पूरी उम्मीद है कि सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू टी20 फॉर्मेट में खेलते हुए होगा। अब उन्हें ये मौका कब मिलता है, इसे लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता। भारतीय टीम IPL के बाद आयरलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज खेलने वाली है। आईपीएल 2026 में अगर सूर्यवंशी उम्दा प्रदर्शन करते हैं, तो शायद उनको आयरलैंड दौरे पर मौका मिल सकता है।




