बतौर कप्तान विराट कोहली के 3 रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ने के लिए तरस जाएंगे बड़े-बड़े दिग्गज!
भारतीय क्रिकेट टीम में विराट कोहली का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। इस खिलाड़ी ने टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी और बल्लेबाजी से एक से एक बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं।

Virat Kohli Major Achievements as Test Captain: क्रिकेट की दुनिया में भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की उपलब्धियां किसी से छुपी नहीं हैं। विराट कोहली ने बल्लेबाज के तौर पर अपने आपको इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसी ऊंचाई तक पहुंचाया है, जहां पहुंचना किसी के लिए भी आसान नहीं होता है। किंग कोहली बल्लेबाजी के तो बादशाह रहे हैं, साथ ही कप्तानी में भी उनके रिकॉर्ड्स का कोई सानी नहीं रहा है।
भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली ऐसे कप्तान रहे हैं, जिन्होंने अपनी आक्रामक सोच और जीत की भूख से टीम इंडिया की तस्वीर बदल दी। उसकी कप्तानी में बने कुछ कीर्तिमान आज भी उसकी नेतृत्व क्षमता की गवाही देते हैं। टेस्ट क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने कप्तान के रूप में कुछ ऐसे बड़े कारनामों के अंजाम दिया है, जिसे भारतीय क्रिकेट में शायद ही कभी टूटते देखा जाएगा। चलिए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं विराट कोहली के कप्तान के रूप में ऐसे 3 रिकॉर्ड्स जो टूटना हो सकते हैं नामुमकिन।
#1. कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा दोहरे शतक
टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, लेकिन कप्तानी की जिम्मेदारी निभाते हुए बार-बार इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं है। विराट कोहली ने अपने टेस्ट कप्तानी करियर में ऐसा कारनामा किया, जो उन्हें दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों से अलग खड़ा करता है। कोहली ने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में 7 दोहरे शतक लगाए। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने टेस्ट कप्तान के तौर पर 5 दोहरे शतक जड़े थे। कोहली के ये आंकड़े उनकी बड़ी पारियां खेलने की क्षमता, धैर्य और कप्तानी के दौरान शानदार बल्लेबाजी फॉर्म को दर्शाते हैं। उनकी आक्रामक कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से लगातार बड़े स्कोर बनाने की आदत ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
#2. भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कई दिग्गज कप्तान हुए हैं, जिन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में जीत के आंकड़ों की बात करें तो विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर आता है। कोहली ने भारत के लिए 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम इंडिया ने 40 मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस उपलब्धि के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे सफल कप्तान बने। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने घरेलू परिस्थितियों के साथ विदेशी जमीन पर भी शानदार प्रदर्शन किया। खास तौर पर ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतना उनके कप्तानी करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है। कोहली ने टीम में फिटनेस, आक्रामकता और जीतने की मानसिकता को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में भारत ने टेस्ट क्रिकेट में लगातार मजबूत प्रदर्शन किया और विदेशी दौरों पर भी मुकाबला जीतने का आत्मविश्वास दिखाया।
यह भी पढ़े- न्यूजीलैंड की घातक गेंदबाजी के आगे 113 रन पर ढेर हुई इंडिया-ए, राहुल-सुदर्शन समेत बल्लेबाजों का सरेंडर
#3. टेस्ट कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली की कप्तानी की चर्चा हो और उनके बल्लेबाजी रिकॉर्ड का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं है। टीम की जिम्मेदारी संभालने के दौरान भी कोहली का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारतीय कप्तानों के बीच रनों का नया मुकाम हासिल किया। टेस्ट कप्तान के रूप में कोहली ने भारत के लिए 5,864 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 20 शतक और 18 अर्धशतक निकले। ये आंकड़े बताते हैं कि उन्होंने कप्तानी के दबाव को अपने प्रदर्शन पर हावी नहीं होने दिया, बल्कि कई मौकों पर बड़ी पारियां खेलकर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता के साथ लंबी पारी खेलने का धैर्य भी नजर आया। टेस्ट क्रिकेट में कप्तान रहते हुए लगातार रन बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती होती है, लेकिन कोहली ने अपने प्रदर्शन से साबित किया कि वह नेतृत्व और बल्लेबाजी, दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने की क्षमता रखते हैं।




