विराट कोहली ने पहले वनडे में रचा इतिहास, एक साथ तोड़े 5 बड़े रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरूवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए अपने वनडे करियर का 55वां शतक पूरा किया।

Virat Kohli breaks multiple records at once: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले वनडे मेंटीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में रहे। किंग कोहली ने इस मुकाबले में जबरदस्त पारी खेलते हुए नाबाद 139 रन कूटे और वेस्टइंडीज को पूरी तरह से धराशायी कर दिया। कोहली ने 15000 वनडे रन भी पूरे किए।
इस दौरान उन्होंने अपनी क्लास और अनुभव की झलक दिखाते हुए 5 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। विराट ने पारी के दौरान कुछ ऐसे मुकाम हासिल किए, जिन्होंने उन्हें वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक बार फिर खास जगह दिला दी। तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कौन से वो 5 रिकॉर्ड हैं, जिन्हें तोड़कर विराट ने पहले वनडे में इतिहास रच दिया?
विराट कोहली ने पहले वनडे में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया। कोहली वनडे क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के केवल दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि महज 303 पारियों में हासिल की। वहीं, महान सचिन तेंदुलकर को वनडे में 15 हजार रन तक पहुंचने के लिए 377 पारियां खेलनी पड़ी थीं। इस तरह विराट ने पारियों के मामले में सचिन से काफी कम समय में यह आंकड़ा छूकर अपनी बल्लेबाजी की निरंतरता और रिकॉर्ड्स पर अपनी पकड़ एक बार फिर साबित कर दी।
#2. एक टीम के खिलाफ 10 वनडे शतक
विराट कोहली के रिकॉर्ड्स की लिस्ट में एक और ऐसा आंकड़ा जुड़ गया है, जो उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग करता है। कोहली वनडे क्रिकेट में दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 10-10 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 शतक पूरे करने के साथ ही श्रीलंका के खिलाफ भी उनके नाम 10 वनडे सेंचुरी हो गई हैं। इससे पहले कोई भी बल्लेबाज किसी दो टीमों के खिलाफ 10 शतक नहीं लगा सका था। इस मामले में सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा 9-9 शतकों के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संयुक्त रूप से अगले पायदान पर हैं।
#3. लिस्ट-A क्रिकेट में सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी
विराट कोहली ने सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि लिस्ट-A क्रिकेट में भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पारी के दौरान शतक लगाते ही कोहली ने लिस्ट-A क्रिकेट में 60 शतकों के आंकड़े को छू लिया। इसके साथ ही उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब विराट के पास सचिन से आगे निकलकर लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। यानी अगली सेंचुरी कोहली के लिए सिर्फ एक और शतक नहीं, बल्कि इतिहास बदलने वाली उपलब्धि होगी।
यह भी पढ़े- विराट कोहली का धमाका, ODI में सबसे तेज पूरे किए 15000 रन; सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
#4. भारतीय जमीन पर सबसे ज्यादा शतक के रिकॉर्ड की बराबरी
विराट कोहली ने भारतीय सरजमीं पर भी एक बेहद खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। भारत में खेलते हुए विराट के नाम अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 42 शतक हो गए हैं। इस आंकड़े के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी भारतीय जमीन पर खेलते हुए 42 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए थे। यानी जिस रिकॉर्ड पर लंबे समय तक सचिन का दबदबा रहा, अब उसी मुकाम पर विराट कोहली भी पहुंच चुके हैं। यह आंकड़ा भारतीय परिस्थितियों में कोहली की असाधारण निरंतरता को दिखाता है।
#5. एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा छक्के
इन बड़े रिकॉर्ड्स के बीच विराट कोहली ने अपनी बल्लेबाजी का एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी बना डाला। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में कोहली ने अपनी पारी के दौरान 9 छक्के लगाए, जो किसी एक वनडे पारी में उनके बल्ले से निकले सबसे ज्यादा सिक्स हैं। यानी विराट ने सिर्फ रन बनाने और रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने का काम नहीं किया, बल्कि अपने ही व्यक्तिगत छक्कों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। कोहली की यह पारी इसलिए भी खास रही, क्योंकि इसमें उनका एक अलग ही आक्रामक अंदाज देखने को मिला।




