IPL के सिक्सर किंग बने विराट कोहली, राहुल-रोहित को पछाड़ा; RCB vs LSG मैच में रचा इतिहास
RCB vs LSG मैच में बल्लेबाजी के दौरान जैसे ही विराट कोहली ने गेंद को सीमा रेखा के बाहर मारा, IPL में बतौर भारतीय ओपनर सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बना दिया।

Virat Kohli Big Record: आईपीएल (IPL) 2026 के 23वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलते हुए कोहली ने बतौर भारतीय ओपनर आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस दौरान उन्होंने रोहित शर्मा और केएल राहुल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में कोहली शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 34 गेंदों में 49 रन बनाए और आउट हो गए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया। इसी एक सिक्स की मदद से उन्होंने बतौर भारतीय ओपनर इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
बतौर ओपनर IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने कोहली
आईपीएल में बतौर ओपनर बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली ने अब सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। आंकड़ों के मुताबिक, कोहली के नाम अब 185 से ज्यादा छक्के हो गए हैं, जो किसी भी भारतीय ओपनर के लिए सबसे ज्यादा हैं। दूसरे स्थान पर 184 छक्कों के साथ राहुल मौजूद हैं, जबकि तीसरे स्थान पर रोहित हैं, जिनके नाम 148 छक्के हैं।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच बड़ा ऐलान! विराट कोहली से भिड़ने वाले तेज गेंदबाज ने लिया संन्यास
कोहली की इस उपलब्धि को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि वह हमेशा अपने क्लासिकल बल्लेबाजी अंदाज के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने टी20 क्रिकेट में आक्रामकता के साथ छक्के लगाने की अपनी क्षमता को भी साबित किया है।
अर्धशतक से चूके विराट
मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 146 रन बनाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार शुरुआत की और महज 10 ओवर में 86/2 का स्कोर बना लिया था लेकिन फिर 11वें ओवर की पहली ही गेंद पर विराट कोहली आउट हो गए और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इस तरह कोहली अपनी फिफ्टी पूरी करने से 1 रन दूर रह गए और आवेश खान का शिकार बने। आईपीएल में यह पहली बार है जब विराट 49 के निजी स्कोर पर आउट हुए।
इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर RCB vs LSG मैच में खेले
12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में विराट कोहली को टखने में समस्या हो गई थी। इसी वजह से उनके RCB vs LSG मैच में खेलने पर संशय की स्थिति बनी हुई थी। फिर कोहली को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेते देखा गया, जिससे साफ़ हो गया था कि वो खेलेंगे। हालांकि, इस मैच में उन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में हिस्सा लिया और फील्डिंग के दौरान मैदान पर नहीं उतरे थे। बाद में उन्होंने लेग स्पिनर सुयश शर्मा को रिप्लेस किया।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




