विराट कोहली के पूर्व साथी गिल का हुआ निधन, 36 साल की उम्र में ली अंतिम सांस; युवराज सिंह ने जताया दुख
IPL 2026 के बीच एक दुखद खबर सामने आई है और विराट कोहली के साथ खेल चुके खिलाड़ी का निधन हो गया। इस पर युवराज सिंह ने भी ट्वीट कर दुख जताया है।

Virat Kohli Former U19 Teammate Died: आईपीएल (IPL) 2026 के रोमांच के बीच बीच क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के अंडर-19 टीम का हिस्सा रहने वाले और पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज अमनप्रीत सिंह गिल का निधन हो गया है। अमनप्रीत सिंह ने महज 36 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।
अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर से पंजाब क्रिकेट और भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, अमनप्रीत सिंह गिल का निधन बुधवार को चंडीगढ़ में हुआ, हालांकि मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
विराट कोहली के साथ अंडर-19 टीम में खेल चुके थे अमनप्रीत सिंह गिल
अमनप्रीत सिंह गिल भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके थे और उन्होंने जूनियर स्तर पर विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। अमनप्रीत दाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पंजाब के लिए 2006 से 2008 के बीच 6 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें उन्होंने 11 विकेट हासिल किए।
इसके अलावा वह भारत अंडर-19 टीम के लिए यूथ वनडे और यूथ टेस्ट भी खेल चुके थे। हालांकि, अमनप्रीत को विराट कोहली की कप्तानी वाली उस भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बनने का मौका नहीं मिला था, जिसने 2008 में वर्ल्ड कप जीता था। यहीं से विराट युग की शुरुआत हुई थी।
IPL में पंजाब फ्रेंचाइजी का भी रहे हिस्सा, चयनकर्ता के रूप में भी दिया योगदान
अमनप्रीत सिंह गिल का कनेक्शन आईपीएल से भी रहा। वह पंजाब किंग्स की फ्रेंचाइजी (उस समय किंग्स इलेवन पंजाब के नाम से जानी जाती थी) के शुरुआती IPL सीजन में टीम का हिस्सा रहे थे। हालांकि, उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था। रिटायर होने के बाद भी भी गिल खेल से जुड़े रहे और बाद में पंजाब की सीनियर चयन समिति के सदस्य बने। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके निधन पर दुख जताते हुए परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
विराट कोहली और युवराज सिंह ने जताया दुख
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल के 19वें सीजन में व्यस्त होने के बावजूद जैसे ही विराट कोहली को अपने पूर्व अंडर-19 टीम के साथी के निधन की खबर मिली। उन्होंने भी हैरानी जाहिर की और दुख भी जताया। कोहली ने X पर अपने ट्वीट में लिखा,
"अमनप्रीत गिल के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है। उनके परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना और शक्ति भेज रहे हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति 🙏"
वहीं, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर दुख जताया। युवराज ने अपने ट्वीट में लिखा कि वह अमनप्रीत के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में उन्होंने अमनप्रीत के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। उन्होंने उनके परिवार और चाहने वालों के लिए संवेदना जताई।
पंजाब किंग्स ने काली पट्टी बांधकर दी श्रद्धांजलि
अमनप्रीत सिंह गिल के सम्मान में 6 मई को हैदराबाद में खेले गए IPL 2026 के 49वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ब्लैक आर्मबैंड पहना। यह कदम अमनप्रीत सिंह गिल को श्रद्धांजलि देने के लिए उठाया गया था। हालांकि, मैच में पंजाब की टीम का प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा और हैदराबाद की टीम के हाथों 33 रनों से हार झेलनी पड़ी।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




