LSG को जीत के बाद बड़ा झटका, 340 विकेट लेने वाला दिग्गज IPL 2026 से बाहर; ये खिलाड़ी ले सकता है जगह
कोलकाता के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद लखनऊ को बड़ा झटका लगा है। 340 विकेट लेने वाला दिग्गज गेंदबाज़ IPL 2026 से बाहर हो गया, अब रिप्लेसमेंट के तौर पर किसे मिलेगा मौका?

LSG Player Ruled Out Of IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज़ हार के साथ करने वाली लखनऊ सुपर जायंट्स अब जीत की राह पर लौट आई है। ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है। गुरुवार, 9 अप्रैल को कोलकाता में कोलकाता नाइट राइड्स के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में एलएसजी को 3 विकेट से जीत मिली, जिसमें 21 वर्षीय मुकुल चौधरी हीरो रहे। मुकुल ने अपने बल्ले से तूफानी अंदाज़ में 54 रन बनाकर हार के मुंह से टीम को जीत दिला दी।
हालांकि, इस जीत के बीच संजीव गोयनका की मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी को बड़ा झटका भी लगा, क्योंकि T20 क्रिकेट में 340 विकेट ले चुका स्टार खिलाड़ी IPL 2026 से बाहर हो गया है। दरअसल, श्रीलंका के वानिन्दु हसरंगा फिटनेस समस्या के चलते IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। हसरंगा गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी सक्षम हैं, जिसकी वजह से वह लखनऊ के लोअर ऑर्डर के लिए एक अहम विकल्प साबित हो सकते थे, लेकिन अब उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है।
दाएं हाथ के इस स्पिन ऑलराउंडर का लखनऊ सुपर जायंट्स ने काफी इंतजार किया, लेकिन अब फ्रेंचाइजी ने उनके रिप्लेसमेंट को साइन करने का मन बना लिया है। इसकी पुष्टि टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने भी की। बता दें कि हसरंगा टी20 के काफी माहिर खिलाड़ी हैं और उनके नाम 340 विकेट व 2497 रन दर्ज हैं।
वानिन्दु हसरंगा के IPL 2026 से बाहर होने का टॉम मूडी ने किया ऐलान
28 वर्षीय वानिन्दु हसरंगा को लखनऊ सुपर जायंट्स ने मिनी ऑक्शन के दौरान 2 करोड़ के बेस प्राइस में खरीदा था। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआत में ही हसरंगा इंजरी का शिकार हो गए और टूर्नामेंट के शेष मैचों में नहीं खेल पाए। इसके बाद, उनके आईपीएल 2026 के आगाज तक फिट होने की उम्मीद थी लेकिन फिर श्रीलंका क्रिकेट ने अपने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर नया नियम बना दिया और टेस्ट पास करने पर ही फ्रेंचाइजी क्रिकेट के लिए NOC देने की शर्त रखी। कई खिलाड़ियों ने टेस्ट में हिस्सा लिया, जिनमें से कुछ पास हुए, जबकि कुछ असफल भी रहे।
यह भी पढ़ें: 3 ओवर में 9 विकेट… 21 वर्षीय खिलाड़ी ने IPL 2026 के बीच रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
हालांकि, जानकारी के मुताबिक हसरंगा ने फिटनेस टेस्ट नहीं दिया है। इसी वजह से उन्हें आईपीएल के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट भी श्रीलंकाई बोर्ड ने नहीं दिया। इस पूरे घटनाक्रम पर लखनऊ सुपर जायंट्स की भी नजर बनी हुई थी और उन्हें काफी दिनों से स्थिति के साफ़ होने का इंतजार था लेकिन KKR vs LSG मैच के दौरान टॉम मूडी ने ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए बताया कि हसरंगा मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं और जल्द ही टीम उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा करेगी।
LSG के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ने कहा,
"हम इस बात की तैयारी कर रहे हैं कि वह हमारी टीम में शामिल नहीं हो पाएंगे। हम उनके संभावित विकल्प तलाश रहे हैं, जिसकी घोषणा 24-48 घंटों में कर दी जाएगी।"
हसरंगा के रिप्लेसमेंट के रूप में जॉर्ज लिंडे को LSG कर सकती है साइन
टॉम मूडी ने ये तो नहीं बताया कि वानिन्दु हसरंगा के स्थान पर किस खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दक्षिण अफ्रीका के स्पिन ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे का नाम सामने आ रहा है। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर लिंडे भी काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं लेकिन उन्हें पिछले साल नीलामी के दौरान किसी ने नहीं साइन किया था। हालांकि, अब लखनऊ सुपर जायंट्स में उनकी एंट्री हो सकती है। इस खिलाड़ी ने टी20 क्रिकेट में 2746 रन बनाने के साथ ही 218 विकेट भी झटके हैं।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




