विराट कोहली के साथ तुलना पर भड़के बाबर आजम, पत्रकार को दिया करारा जवाब; वीडियो हुआ वायरल
विराट कोहली से बाबर आजम की तुलना एक पत्रकार को भारी पड़ गई और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने करारे जवाब से उसकी बोलती बंद करने का काम किया।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इस बीच उनकी काफी आलोचना भी हुई और भारतीय फैंस ने भी उन्हें काफी ट्रोल किया, क्योंकि बाबर की तुलना टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) से भी की जाती है। विराट ने अपने करियर में लगातार रन बनाने का काम किया है, जबकि आजम का पीक एक-दो साल में ही खत्म हो गया और इधर तो काफी समय से उन्होंने कोई यादगार पारी ही नहीं खेली।
इस बीच ये दोनों ही बल्लेबाज अपने-अपने देश में होने वाले फ्रेंचाइजी लीग टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। विराट कोहली आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेल रहे हैं, जबकि पीएसएल के 11वें में बाबर आजम पेशावर जाल्मी की कप्तानी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ODI में सबसे ज्यादा बार 400 रन बनाने वाली टीमों की लिस्ट, भारत का क्या है रिकॉर्ड?
इस बीच बाबर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें उन्होंने विराट के साथ तुलना किए जाने पर एक पत्रकार की बोलती बंद कर दी और थोड़ा गुस्से में भी नजर आए। यह पूरा मामला हैदराबाद किंग्समैन के खिलाफ पेशावर जाल्मी की टीम की जीत के बाद, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान का है।
विराट कोहली से तुलना पर बाबर आजम नाराज, मैच फिनिश को लेकर दिया जवाब
दरअसल, बुधवार (8 अप्रैल) को कराची में खेले गए मुकाबले में हैदराबाद किंग्समैन के खिलाफ 146 के लक्ष्य का पीछा करते हुए पेशावर जाल्मी ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। रन चेज के दौरान पेशावर की टीम के कप्तान बाबर ने 37 गेंदों में छह चौकों की मदद से 43 रनों की पारी खेली लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना पाए और मैच फिनिश करने में असफल रहे।
इसके बाद, प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने बाबर से सवाल करते हुए पूछा,
"आपसे बहुत उम्मीदें हैं। आप पारी को संभालते हैं लेकिन मैच खत्म नहीं कर पाते। आपकी तुलना अक्सर विराट कोहली से की जाती है। क्या आपको लगता है कि यह तुलना उचित है?"
इस पर पाकिस्तानी बल्लेबाज ने तुरंत जवाब देते हुए कोहली से की गई तुलना को खारिज कर दिया। बाबर ने कहा,
"खत्म कर दें, जिस वजह से आप सवाल कर रहे हैं, छोड़ दें आप। मैंने बहुत मैच खत्म किये हैं, आपको लगता है, मैंने खत्म नहीं किए हैं लेकिन मैंने किए हुए हैं।"
देखें वीडियो:
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर आजम पर निशाना साधा गया हो। इससे पहले भी कई बार उन पर सवाल खड़े हुए हैं। अब देखना होगा कि आगे आने वाले मैचों में बाबर अपनी बल्लेबाजी से मैचों को फिनिश करने का काम करते हैं या नहीं।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




