कौन है CSK का नया 'ब्रह्मास्त्र' मैकनील नोरोन्हा? घरेलू क्रिकेट में 2 ट्रिपल सेंचुरी ठोककर मचाई थी खलबली
आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने चोटिल रामकृष्ण घोष की जगह मैकनील हैडली नोरोन्हा को टीम में शामिल किया है। घरेलू क्रिकेट में दो तिहरे शतक जड़ने वाले इस खिलाड़ी के आने से सीएसके की ताकत बढ़ गई है।

Who is Macneil Hadley Noronha: चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आईपीएल 2026 के बीच सीजन में चेन्नई की टीम ने एक बड़ा फैसला लेते हुए चोटिल रामकृष्ण घोष की जगह एक नए खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ा है। रामकृष्ण घोष मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ एक मैच खेल पाए थे, जहां उन्हें चोट लगी और अब वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अब मैकनील हैडली नोरोन्हा 'येलो आर्मी' का हिस्सा बन चुके हैं। कई फैंस के मन में यह सवाल है कि आखिर ये मैकनील नोरोन्हा हैं कौन?
कौन हैं मैकनील नोरोन्हा?
आपको बता दें कर्नाटक के दाएं हाथ के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा ने घरेलू क्रिकेट में अपने बल्ले से कोहराम मचाया हुआ है। सीके नायडू ट्रॉफी 2024-25 में नोरोन्हा ने रनों का अंबार लगा दिया था, जहां उन्होंने महज 14 पारियों में करीब 80 की औसत से 1037 रन ठोक दिए थे। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक निकले, जिनमें सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उन्होंने दो तिहरे शतक जड़े थे।
इसके अलावा महाराजा टी20 ट्रॉफी में भी उन्होंने अपनी पावर-हिटिंग का जलवा दिखाया और लगभग 149 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के साथ-साथ अपनी फिरकी से 10 विकेट भी चटकाए। नोरोन्हा ने अब तक आईपीएल नहीं खेला है, ऐसे में इस सीजन उनका डेब्यू काफी धमाकेदार हो सकता है।
यह भी पढ़ें: 3 IPL सीजन, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने लीग स्टेज में मुंबई इंडियंस को दो बार धूल चटाई
पॉइंट्स टेबल में CSK की मौजूदा स्थिति
वहीं अगर सीएसके के प्लेऑफ की राह की बात करें, तो ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम इस समय पॉइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर है। चेन्नई ने अब तक 11 मैच खेले हैं जिनमें से उसे 6 में जीत और 5 में हार मिली है। अब प्लेऑफ का टिकट पक्का करने के लिए चेन्नई को अपने बाकी बचे तीनों मैचों में से दो मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। सीएसके का अगला मुकाबला 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स से है, जिसके बाद उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस जैसी मजबूत टीमों से भिड़ना है।




