IPL 2026 56th Match Result: कल का GT vs SRH मैच किसने जीता? सबसे बड़ी जीत और हार का बना रिकॉर्ड
IPL 2026 के 56वें मैच में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों से हराया। रनों के लिहाज से GT ने अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की और SRH ने अपनी सबसे बड़ी हार का सामना किया।

Who won yesterday's GT vs SRH Match: 12 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 56वें मैच में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 82 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। यह रनों के अंतर से गुजरात की आईपीएल में अब तक की सबसे बड़ी जीत रही। घरेलू मैदान पर गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर ऑल आउट हो गई, जो आईपीएल में उसका सबसे छोटा स्कोर भी बना।
इस तरह हैदराबाद को अपनी सबसे बड़ी आईपीएल हार झेलनी पड़ी, जबकि गुजरात ने दमदार प्रदर्शन के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। अब GT के 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं। वहीं, SRH 12 मैचों में 14 अंक के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
रबाडा-होल्डर के आगे हैदराबाद के बल्लेबाजों ने टेके घुटने
169 के टारगेट को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से पावरप्ले में धमाकेदार शुरुआत देखने को मिलेगी और टॉप-3 बल्लेबाज ही मैच का रुख बदल सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हैदराबाद को सबसे पहला झटका ट्रेविस हेड के रूप में लगा, जिन्हें मोहम्मद सिराज ने पारी के पहले ही ओवर में चलता किया। इसके बाद अभिषेक शर्मा पर दारोमदार था, लेकिन वह भी 6 रन बनाकर दूसरे ओवर में कगिसो रबाडा का शिकार बने। इसके बाद रबाडा ने ईशान किशन (11) को भी चलता किया और SRH ने 23 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया।
फिर सनराइजर्स हैदराबाद के मध्यक्रम और लोअर ऑर्डर को निपटाने का काम मुख्य रूप से जेसन होल्डर और प्रसिद्ध कृष्णा ने कुल 5 विकेट लेकर किया। हेनरिक क्लासेन 14 और सलिल अरोड़ा 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि नितीश कुमार रेड्डी 2 रन ही बना सके। आखिरी में कप्तान पैट कमिंस ने 9 गेंदों में 19 रन बनाकर हार के अंतर को कुछ हद तक कम किया। प्रफुल हिंगे (3) के रूप में हैदराबाद ने अपना अंतिम विकेट 15वें ओवर में गंवाया। गुजरात टाइटंस की तरफ से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए।
गुजरात की पारी में सुदर्शन और सुंदर का कमाल, दोनों के अर्धशतक से बना मजबूत स्कोर
इससे पहले टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी खास नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। जोस बटलर ने भी निराश किया और 7 रन बनाकर 26 के स्कोर पर चलते बने। निशांत सिंधु ने 14 गेंदों में 22 रनों की पारी खेली लेकिन फिर वह 64 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच हुआ बड़ा कारनामा, टूटा 130 साल पुराना रिकॉर्ड
हालांकि, पारी की शुरुआत में आए ओपनर साई सुदर्शन जमे हुए थे और उन्होंने संयम दिखाते हुए 38 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वहीं, 44 गेंदों में 61 रनों की पारी खेलकर आउट होने से पहले वाशिंगटन सुंदर के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रनों की अहम साझेदारी की। सुंदर ने तेजी से रन बनाए और 33 गेंदों में 50 रनों की पारी के दौरान जेसन होल्डर (11*) के साथ 40 रन जोड़ते हुए स्कोर को 160 के पार पहुंचाया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए दो-दो विकेट लेने वाले प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन सबसे सफल गेंदबाज रहे।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




