CSK से भिड़ंत से पहले MI को मिला बड़ा हथियार, विल जैक्स की एंट्री से बढ़ी ताकत
CSK के खिलाफ मुकाबले से पहले विल जैक्स ने MI के स्क्वाड को ज्वाइन कर लिया है। इस ऑलराउंडर खिलाड़ी के टीम में शामिल होने से मुंबई इंडियंस को बड़ा बूस्ट मिला है और टीम की ताकत और संतुलन दोनों मजबूत हुए हैं।

Will Jacks joined MI squad: IPL 2026 के लिए इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स आखिरकार मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए हैं। जैक्स की उपलब्धता को लेकर लगातार सवाल पूछे जा रहे थे लेकिन अब कई दिनों के इंतजार के बाद वह भारत पहुंच चुके हैं और टीम के साथ वानखेड़े स्टेडियम में अभ्यास करते नजर आए। मुंबई इंडियंस के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है, क्योंकि टीम ने इस सीजन की शुरुआत थोड़ी धीमी की थी, लेकिन अब धीरे-धीरे वह लय में लौटती दिख रही है।
विल जैक्स को एक आक्रामक बल्लेबाज और उपयोगी स्पिन गेंदबाज के रूप में जाना जाता है। उनकी मौजूदगी से मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही मजबूत होंगी। टीम के पास पहले से ही कुछ अच्छे विदेशी स्पिनर मौजूद हैं, लेकिन जैक्स का ऑलराउंड प्रदर्शन टीम को और बेहतर संतुलन प्रदान करेगा।
CSK के खिलाफ मैच से पहले MI को मिला बड़ा बूस्ट
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में होना है। ऐसे में विल जैक्स का टीम के साथ जुड़ना MI के लिए एक बड़ा बूस्ट माना जा रहा है। अभ्यास सत्र में जैक्स अन्य खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग करते हुए दिखे, जिससे यह साफ है कि वह जल्द ही प्लेइंग XI में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: CSK को बड़ा झटका, IPL 2026 से आयुष म्हात्रे बाहर; हैमस्ट्रिंग चोट बनी वजह
27 वर्षीय जैक्स के पास बल्लेबाजी में अच्छा लचीलापन है। वह मिडिल ऑर्डर में खेलने के अलावा ओपनिंग भी कर सकते हैं, जिससे टीम को रणनीति बनाने में अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। इससे क्विंटन डी कॉक के साथ नई ओपनिंग जोड़ी भी देखने को मिल सकती है।
चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप में भी हलचल, धोनी ने किया अभ्यास
दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम भी इस मुकाबले के लिए पूरी तैयारियों में जुटी हुई है। हालांकि यह एक वैकल्पिक अभ्यास सत्र था, फिर भी CSK के कई खिलाड़ी मैदान पर मौजूद रहे। खास बात यह रही कि महेंद्र सिंह धोनी भी अभ्यास के दौरान विकेटकीपिंग करते नजर आए हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि धोनी इस मैच में खेलेंगे या नहीं, लेकिन उनका अभ्यास करना फैंस के लिए अच्छी खबर है।
वहीं चेन्नई की टीम को एक झटका भी लगा है, क्योंकि युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते कई मैचों के लिए बाहर हो गए हैं। टीम ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। इसके अलावा, एक और महत्वपूर्ण अपडेट यह है कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन टीम के साथ जुड़ गए हैं। वे नाथन एलिस की जगह रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल हुए हैं और अब CSK की गेंदबाजी अटैक को मजबूती प्रदान करेंगे।
कुल मिलाकर, MI vs CSK का यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है, जहां दोनों टीमों के पास अब कुछ नए खिलाड़ियों के रूप में अतिरिक्त ताकत आ गई है। फैंस इस हाई-वोल्टेज मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




