क्या न्यूजीलैंड दौरे से बाहर होंगे ऋषभ पंत? चोट को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट!
भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इन दिनों चोटिल चल रहे हैं। उन्हें घरेलू टूर्नामेंट ईरानी ट्रॉफी के दौरान चोट लगी थी। जिसके बाद अब उनके न्यूजीलैंड दौरे पर खेलने पर सस्पेंस हैं।

Rishabh Pant Injury Update: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंतअभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। चोट के कारण वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। इससे पहले पंत इंडिया ए की ओर से शुरुआती दो मुकाबले भी नहीं खेल पाए थे। हालांकि, उनके फैंस के लिए राहत की बात यह है कि उन्होंने ट्रेनिंग शुरू कर दी है और जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे ऋषभ पंत
दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषभ पंत पिछले महीने श्रीनगर में खेले गए ईरानी कप के दौरान चोटिल हुए थे। इसके बाद से वह अपनी फिटनेस हासिल करने में जुटे हैं। उम्मीद की जा रही थी कि पंत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में खेलते हुए नजर आएंगे, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें इस मुकाबले से भी बाहर रखने का फैसला किया गया है। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच यह मैच 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाएगा।
पंत ने शुरू की ट्रेनिंग, जल्द हो सकती है वापसी
पंत की फिटनेस को लेकर एक अच्छी खबर भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, चोट से उबरने के बाद उन्होंने अपनी स्किल ट्रेनिंग दोबारा शुरू कर दी है। फिलहाल उन्हें किसी तरह का दर्द महसूस नहीं हो रहा है। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के सूत्रों के मुताबिक, पंत को अपनी मैच फिटनेस हासिल करने के लिए तीन से चार प्रैक्टिस सेशन पूरे करने होंगे। इन सत्रों में उनकी शारीरिक स्थिति के साथ बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की भी जांच की जाएगी। इसके बाद ही उनकी वापसी को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
ध्रुव जुरेल ने मजबूत की अपनी दावेदारी
ऋषभ पंत की फिटनेस के बीच विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने भी टीम इंडिया के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। जुरेल ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक लगाया है। ऐसे में अगर पंत समय पर पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो जुरेल को मौका मिल सकता है।
यह भी पढ़े- ऑस्ट्रेलिया की हार से भारत को लगा झटका, WTC फाइनल का पूरा समीकरण बदल गया!
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में खेलेंगे पंत?
अब सभी की नजरें पंत की फिटनेस और आने वाले ट्रेनिंग सेशन पर टिकी हैं। टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ उनकी वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज तक पूरी तरह फिट हो पाते हैं या फिर भारतीय टीम को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी किसी दूसरे खिलाड़ी को सौंपनी पड़ेगी।