यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर के छोड़ा पीछे, इस मामले में बने दुनिया के दूसरे खिलाड़ी
यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। शुरुआती 33 टेस्ट 33 अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले दुनिया के दूसरे क्रिकेटर बने। सचिन तेंदुलकर भी इस मामले में पीछे रह गए।

Yashasvi Jaiswal Test cricket record: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों के लिए मुसीबत बनने वाले जायसवाल ने इस बार बल्ले से नहीं, बल्कि एक खास उपलब्धि के जरिए इतिहास रचा है। दिलचस्प बात यह है कि टेस्ट क्रिकेट के लंबे इतिहास में अब तक सिर्फ एक ही क्रिकेटर ऐसा कर सका था। इस मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी जायसवाल से पीछे रह गए हैं।
33 टेस्ट, 33 अलग-अलग मैदान, यशस्वी जायसवाल का ऐतिहासिक कारनामा
यशस्वी जायसवाल ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच में मैदान पर उतरते ही यह खास उपलब्धि हासिल की। वह अपने टेस्ट करियर के शुरुआती 33 मुकाबले 33 अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं।
इससे पहले यह अनोखा कारनामा भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने किया था। मांजरेकर ने भी अपने शुरुआती 33 टेस्ट मैच अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। अब जायसवाल ने भी इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली है। टेस्ट क्रिकेट में किसी खिलाड़ी के लिए लगातार अलग-अलग मैदानों पर खेलना अपने आप में एक दिलचस्प संयोग है। यही वजह है कि जायसवाल की यह उपलब्धि खास बन गई है।
यह भी पढ़े- गेंदबाज ने बल्ले से रचा इतिहास! नंबर-11 पर उतरकर बनाया टी20 का ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड, जो पहले कभी नहीं बना
सचिन तेंदुलकर भी रह गए पीछे, इन दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हुए जायसवाल
टेस्ट क्रिकेट में शुरुआती मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का नाम भी मौजूद है।
सचिन तेंदुलकर ने अपने शुरुआती 32 टेस्ट मुकाबले 32 अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। वहीं, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ और वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन ने अपने शुरुआती 24-24 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। इस तरह इस खास उपलब्धि के मामले में यशस्वी जायसवाल ने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है।
संजय मांजरेकर का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंचे जायसवाल
यशस्वी जायसवाल के पास अब इस रिकॉर्ड में अकेले शीर्ष पर पहुंचने का शानदार मौका है। फिलहाल वह संजय मांजरेकर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।
खास बात यह है कि जायसवाल नागपुर में वनडे मुकाबला खेल चुके हैं, लेकिन उन्होंने इस मैदान पर अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। ऐसे में अगर उन्हें नागपुर टेस्ट में खेलने का मौका मिलता है, तो उनके शुरुआती 34 टेस्ट 34 अलग-अलग मैदानों पर पूरे हो जाएंगे और वह इस रिकॉर्ड में अकेले नंबर-1 बन जाएंगे।




