तिरंगे की शान के बीच टीम इंडिया का बड़ा कारनामा, 15 अगस्त को गॉल में टीम इंडिया ने बनाया खास रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर श्रीलंका के खिलाफ गॉल में पहला टेस्ट मैच खेलने उतरी और इस मैच के साथ ही टीम इंडिया ने ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।

Team India created history in Galle: 15 अगस्त का दिन… देशभर में आजादी का जश्न, तिरंगे की शान और इसी बीच क्रिकेट के मैदान परटीम इंडियाने भी इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया। गॉल के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ जैसे ही भारतीय टीम टेस्ट मुकाबले के लिए उतरी, एक ऐसा आंकड़ा छू लिया, जिसके बाद वह दुनिया की चुनिंदा टेस्ट टीमों के खास क्लब में शामिल हो गई।
भारत ने पूरा किया 600 टेस्ट का सफर
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार, 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला इसलिए बेहद खास है, क्योंकि गॉल में मैदान पर उतरते ही भारत ने अपने टेस्ट क्रिकेट इतिहास का 600वां टेस्ट मैच पूरा कर लिया। इसके साथ ही भारत इस मामले में दुनिया का तीसरा देश बन गया है। भारतीय टीम से ज्यादा टेस्ट मैच अब तक सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने खेले हैं।
सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड़ इंग्लैंड के नाम
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। क्रिकेट इतिहास की सबसे पुरानी टेस्ट टीमों में शामिल इंग्लैंड ने अब तक 1097 टेस्ट मैच खेले हैं। वह दुनिया की इकलौती टीम है, जिसने 1000 से ज्यादा टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इन 1097 मैचों में इंग्लैंड को 405 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 336 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। वहीं, 356 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।
भारत का ऐतिहासिक पड़ाव
वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक के इतिहास में 883 टेस्ट मैच खेले हैं और वो इस मामले में दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद अब भारत ने भी 600 टेस्ट मैच पूरे कर लिए हैं। गॉल टेस्ट से पहले टीम इंडिया ने 599 मुकाबले खेले थे, जिसमें उसे 186 जीत और 188 हार मिली थीं। वहीं, 224 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए। 600वें टेस्ट के साथ भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया है।
वेस्टइंडीज भी 600 टेस्ट खेलने के करीब
भारत के बाद वेस्टइंडीज इस खास क्लब में शामिल होने के बेहद करीब है। वेस्टइंडीज ने अब तक 596 टेस्ट मैच खेले हैं और उसे 600 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ चार और मुकाबलों की जरूरत है। इसके अलावा न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान जैसी टीमें भी 450 से ज्यादा टेस्ट खेल चुकी हैं। वहीं, श्रीलंका अभी 350 टेस्ट मैचों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया है।
यानी 15 अगस्त 2026 का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए सिर्फ एक टेस्ट मैच की शुरुआत नहीं, बल्कि 600 टेस्ट के ऐतिहासिक सफर का जश्न भी है।




