IPL में तीन टीमों के लिए शतक लगाने वाले 3 खिलाड़ी, लिस्ट में बड़े नाम शामिल
IPL में गजब कारनामा! तीन टीमों के लिए शतक लगाने वाले सिर्फ 3 खिलाड़ी, क्विंटन डी कॉक ने भी लिस्ट में बनाई जगह।

3 Players with centuries for three teams in IPL: आईपीएल में शतक बनाना आसान काम नहीं होता है। लीग में दुनिया भर के बेस्ट गेंदबाज खेलते हैं और उनके खिलाफ बड़ी पारी आसानी से नहीं आती। कई दिग्गज बल्लेबाज रहे, जो इंडियन प्रीमियर लीग में एक भी शतक नहीं लगा पाए। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों के नाम 5 से ज्यादा शतक दर्ज हैं लेकिन वो सिर्फ एक या दो टीम के लिए खेलते हुए ही आए हैं।
तीन टीमों की तरफ से खेलते हुए शतक का कारनामा अब तक 3 ही बल्लेबाजों ने किया है और इसमें क्विंटन डी कॉक भी शामिल हो गए हैं। डी कॉक ने मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ शतक बनाकर यह उपलब्धि अपने नाम की।
इस लेख में हम आपको उन 3 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने IPL में तीन अलग-अलग टीमों की तरफ से खेलते हुए शतक बनाया है।
इन 3 बल्लेबाजों ने तीन टीमों के लिए IPL में लगाया है शतक
1. केएल राहुल (पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स)
भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल को आईपीएल में खेलते हुए लगभग 13 साल हो चुके हैं। इस दौरान राहुल पांच टीमों का हिस्सा बने और तीन के लिए शतक बनाने में कामयाब रहे। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए शतक बनाया है।
2. संजू सैमसन (दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स)
केरल के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने आईपीएल में अब तक तीन टीमों के लिए खेला है और तीनों के लिए ही शतक बनाने में कामयाब रहे हैं। संजू के बल्ले से पहला शतक दिल्ली कैपिटल्स (पहले दिल्ली डेयरडेविल्स) के लिए आया था। इसके बाद, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए सेंचुरी जड़ी। वहीं, आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू ने अपने चौथे ही मैच में शतक जड़ दिया।
3. क्विंटन डी कॉक (दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस)
आईपीएल में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक का जलवा कई सालों से देखने को मिल रहा है। यह खिलाड़ी अभी भी बल्ले से आतंक मचा रहा है। वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ शतक पूरा करते ही डी कॉक लीग में तीन टीमों के लिए ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से सेंचुरी बनाई हुई थी।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




