दिलीप ट्रॉफी फाइनल में उतरेंगे टीम इंडिया के 3 बड़े सितारे, अचानक हुआ बड़ा ऐलान
भारतीय क्रिकेट टीम के 3 बड़े टेस्ट स्टार खिलाड़ियों को बीसीसीआई ने 6 सितंबर से शुरू हो रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में खेलने को कहा गया है।

Duleep Trophy Final 2026: Team India Stars: भारतीय टीम टेस्ट फॉर्मेट में अब छोटे से ब्रेक पर है और उन्हें अलगी टेस्ट सीरीज नवंबर में न्यूजीलैंड के दौरे पर खेलनी है। ऐसे में टीम इंडिया के टेस्ट स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों के पास फिलहाल घरेलू क्रिकेट में खुद को तैयार रखने का मौका है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 6 सितंबर से चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले में साउथ जोन और ईस्ट जोन आमने-सामने होंगे।
BCCI ने राहुल, सिराज और पडिक्कल को दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलने को कहा
इस मैच की सबसे बड़ी खबर यह है कि टीम इंडिया के तीन स्टार खिलाड़ी साउथ जोन की टीम का हिस्सा बनने जा रहे हैं।रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज को दलीप ट्रॉफी के फाइनल में खेलने के लिए कहा है। तीनों ही खिलाड़ी हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था। अब टेस्ट क्रिकेट से करीब दो महीने का अंतर होने के कारण बोर्ड चाहता है कि ये खिलाड़ी मैदान पर लगातार एक्शन में दिखें।
टीम इंडिया के तीनों स्टार खिलाड़ी होंगे साउथ जोन की टीम का हिस्सा
साउथ जोन की टीम पहले ही मजबूत नजर आ रही थी, लेकिन इन तीनों खिलाड़ियों की एंट्री ने उसकी ताकत कई गुना बढ़ा दी है। देवदत्त पडिक्कल के लिए भी यह मुकाबला खास रहने वाला है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करने वाले पडिक्कल अब उसी लय को घरेलू क्रिकेट में भी बरकरार रखना चाहेंगे। वहीं टीम की कप्तानी तिलक वर्मा के हाथों में है। ऐसे में उनके साथ राहुल और सिराज जैसे सीनियर खिलाड़ियों का ड्रेसिंग रूम साझा करना कप्तान तिलक के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
दलीप ट्रॉफी में सूर्यवंशी वर्सेज सिराज, शमी वर्सेज राहुल के मुकाबले
दलीप ट्रॉफी के इस फाइनल में कुछ व्यक्तिगत मुकाबले भी फैंस का ध्यान खींचने वाले हैं। सबसे दिलचस्प टक्कर मोहम्मद सिराज और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच देखने को मिल सकती है। आईपीएल में वैभव ने सिराज के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और अब दोनों के आमने-सामने आने पर एक बार फिर रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा ईस्ट जोन की ओर से मोहम्मद शमी की गेंदबाजी के सामने केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल की परीक्षा होगी। शमी टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली नजर आए हैं और बड़े बल्लेबाजों के खिलाफ उनका प्रदर्शन बेहद अहम होगा।
ईशान किशन के हाथों में है ईस्ट जोन की कप्तानी
ईस्ट जोन के पास भी कम मजबूत टीम नहीं है। मोहम्मद शमी के साथ मुकेश कुमार जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं, जो भारतीय टीम में वापसी की दावेदारी मजबूत करने के लिए इस मुकाबले को बड़े मौके के तौर पर देखेंगे। ऐसे में दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल अब सिर्फ खिताब की लड़ाई नहीं रह गया है, बल्कि इसमें टीम इंडिया के कई बड़े नाम और भविष्य के दावेदार भी एक-दूसरे के सामने दिखाई देंगे। राहुल, पडिक्कल और सिराज की एंट्री ने मुकाबले की अहमियत और रोमांच दोनों को काफी बढ़ा दिया है।




