MI vs PBKS: मुंबई की लगातार चौथी हार, पंजाब की जीत से बदला पॉइंट्स टेबल का गणित
IPL 2026 में मुंबई इंडियंस ने लगातार चौथी हार का सामना किया। वहीं, पंजाब किंग्स को धमाकेदार जीत से पॉइंट्स टेबल में जबरदस्त फायदा हुआ है।

Punjab Kings beat Mumbai Indians: IPL 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले खेलते हुए मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 195/6 का स्कोर बनाया। जवाब में पंजाब की टीम ने 16.3 ओवर में 198/3 का स्कोर बनाया।
मुंबई की खराब शुरुआत, डी कॉक और धीर ने संभाला पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 12 रन के स्कोर पर रयान रिकेलटन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवा दिए। शुरुआती दो झटकों के बाद क्विंटन डी कॉक ने पारी को संभाला और नमन धीर के साथ मिलकर टीम को संकट से बाहर निकाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने मुंबई इंडियंस को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
डी कॉक का धमाकेदार शतक, धीर ने जड़ी फिफ्टी
मुंबई इंडियंस के लिए क्विंटन डी कॉक ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 60 गेंदों में नाबाद 112 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। डी कॉक ने महज 53 गेंदों में अपना शतक पूरा कर टीम को संभाला।
दूसरी ओर नमन धीर ने भी कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 50 रन बनाए। दोनों के बीच हुई साझेदारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 195/6 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
अंतिम ओवरों में हार्दिक की धीमी बल्लेबाजी पड़ी भारी
मैच के अंतिम ओवरों में मुंबई इंडियंस तेज रन बनाने में नाकाम रही। कप्तान हार्दिक पांड्या से तेज पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंदों में सिर्फ 14 रन ही बना सके। उनकी धीमी बल्लेबाजी के कारण टीम आखिरी ओवरों में मोमेंटम खो बैठी और 200 के आंकड़े को पार नहीं कर पाई। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी की और 3 विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें: IPL में तीन टीमों के लिए शतक लगाने वाले 3 खिलाड़ी, लिस्ट में बड़े नाम शामिल
प्रियांश और कॉनली के आउट होने के बावजूद पंजाब की शानदार शुरुआत
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने मैच की शुरुआत तेज की। हालांकि टीम को 27 रन के स्कोर पर प्रियांश आर्य के रूप में पहला झटका लगा, जो 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कूपर कॉनली भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। पावरप्ले के 6 ओवर में ही पंजाब किंग्स ने 61 रन बना लिए, जिससे मैच का रुख पूरी तरह पंजाब की तरफ झुक गया।
प्रभसिमरन-श्रेयस की साझेदारी ने दिलाई आसान जीत
प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 139 रनों की जबरदस्त साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने मुकाबला पूरी तरह पंजाब किंग्स के पक्ष में कर दिया। प्रभसिमरन सिंह ने मात्र 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद 80 रन बनाए। वहीं श्रेयस अय्यर ने भी 35 गेंदों में 66 रनों की तेज पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने मुंबई इंडियंस के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। अंत में पंजाब किंग्स ने 17वें ओवर में मैच अपने नाम कर लिया। मुंबई इंडियंस के लिए एएम गजनफर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
पॉइंट्स टेबल में पंजाब को फायदा, मुंबई का हाल-बेहाल
पंजाब किंग्स को मुंबई इंडियंस पर मिली शानदार जीत का पॉइंट्स टेबल में जबरदस्त फायदा हुआ है। इस जीत के बाद पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। अब पंजाब किंग्स के 5 मैचों में 4 जीत के साथ 9 अंक हो गए हैं और उनका नेट रन रेट भी +1.067 तक पहुंच गया है।
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की स्थिति और खराब हो गई है। इस हार के बाद टीम 5 मैचों में सिर्फ 1 जीत के साथ महज 2 अंक पर सिमट गई है और अंक तालिका में 9वें स्थान पर बरकरार है। लगातार हार के चलते मुंबई इंडियंस का नेट रन रेट भी गिरकर -1.076 हो गया है, जो टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है।
MI vs PBKS मैच के बाद IPL 2026 अंक तालिका का ताजा हाल
| स्थान | टीम | मैच | जीत | हार | अंक | नेट रन रेट |
|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | पंजाब किंग्स | 5 | 4 | 1 | 9 | +1.067 |
| 2 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 5 | 4 | 1 | 8 | +1.503 |
| 3 | राजस्थान रॉयल्स | 5 | 4 | 1 | 8 | +0.889 |
| 4 | सनराइजर्स हैदराबाद | 5 | 2 | 3 | 4 | +0.576 |
| 5 | दिल्ली कैपिटल्स | 4 | 2 | 2 | 4 | +0.322 |
| 6 | गुजरात टाइटंस | 4 | 2 | 2 | 4 | -0.029 |
| 7 | लखनऊ सुपर जायंट्स | 5 | 2 | 3 | 4 | -0.804 |
| 8 | चेन्नई सुपर किंग्स | 5 | 2 | 3 | 4 | -0.846 |
| 9 | मुंबई इंडियंस | 5 | 1 | 4 | 2 | -1.076 |
| 10 | कोलकाता नाइट राइडर्स | 5 | 0 | 4 | 1 | -1.383 |
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




