श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया को मिली पहली जीत, मयंक की रफ्तार और सूर्यवंशी के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

IND vs ZIM 1st T20I Match Report: टीम इंडिया को आखिरकार श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली जीत नसीब हो गई है। गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम ने मेजबान को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
भारत ने पहले टी20I में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराया
हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया कमाल कमाल का प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी में लंबे समय बाद वापसी कर रहे मयंक यादव की रफ्तार देखने को मिली, तो वहीं इसके बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने भारतीय टीम को एक धमाकेदार जीत दिलायी है।
मयंक और प्रिंस के आगे जिम्बाब्वे के बल्लेबाज बेबस, बना सके 125 रन
पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को डेब्यू का मौका दिया। 2 साल बाद वापसी कर रहे मयंक यादव ने खतरनाक शुरुआत करते हुए पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को चलता किया। इसके बाद तो भारतीय गेंदबाजों के आगे जिम्बाब्वे के बेबस दिखे और देखते ही देखते 32 रन के स्कोर पर ही 4 विकेट खो दिए। कप्तान सिकंदर रजा सिर्फ 4 रन बना सके।
इसके बाद रेयान बर्ल और वेस्ली मधेवेरे ने पारी को संभालने की कोशिश की और स्कोर 64 तक पहुंचाया। बर्ल 26 रन बनाकर बिश्नोई का शिकार बने। इसके बाद वेस्ली मधेवेरे ने तादिवानाशे मारुमानी के साथ मिलकर एक सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने की कोशिश की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 125 रन बनाए। मयंक यादव ने 18 रन देकर 2 विकेट झटके, तो वहीं प्रिंस यादव ने 19 रन खर्च कर 2 विकेट हासिल किए। 1-1 विकेट दुबे और बिश्नोई को मिले। डेब्यूटंट अशोक शर्मा को कोई विकेट नहीं मिल सका।
वैभव सूर्यवंशी का तूफान, ईशान-अय्यर की बढ़िया पारी ने दिलायी टीम को जीत
भारतीय टीम को जीत के लिए 126 रन का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड में अपनी डेब्यू सीरीज में नाकाम रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी आते ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर टूट पड़े। अभिषेक शर्मा थोड़ा सा संघर्ष करते दिखे। भारत को 23 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (1 रन) के रूप में पहला झटका लगा। दूसरी तरफ वैभव ने चौकों-छक्कों से धूम मचा दी और सिर्फ 18 गेंद में अपना पहला इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया। वो इसके साथ ही भारत के लिए सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बने। वैभव का तूफान न्गावरा ने शांत किया और 68 रन पर भारत को दूसरा झटका लगा, जिसमें 19 गेंद में 4 चौकों और 4 छक्कों से 50 रन अकेले सूर्यवंशी के बल्ले से निकले।
ये भी पढ़े-ZIM vs IND: हरारे में वैभव सूर्यवंशी का तूफ़ान, 18 गेंदों में जड़ा अर्धशतक; वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने अच्छी बल्लेबाजी की और टीम के स्कोर को 11वें ओवर में 100 के पार पहुंचा दिया। जीत के करीब जाकर ईशान किशन 24 गेंद में 35 रन बनाकर ईशान किशन चलते बने। यहां से कप्तान अय्यर और तिलक वर्मा ने मिलकर टीम को 14वें ओवर में जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया। श्रेयस अय्यर 28 गेंद में 24 रन बनाकर नाबाद रहे, तो वहीं तिलक ने 6* रन बनाए। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने 2 विकेट हासिल किए। टीम इंडिया इस जीत के साथ ही सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है।




