स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, रोहित शर्मा को पछाड़ा; T20I में बनीं भारत की नंबर-1 रन मशीन
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर खेली जा रही पांच मैचों की T20I सीरीज के पहले मुकाबले में ही स्मृति मंधाना ने रोहित शर्मा को पछाड़कर इतिहास रच दिया। अब मंधाना सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत की सबसे सफल बल्लेबाज बन गई हैं।

Most T20I Runs For India: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर डरबन में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जैसे ही मंधाना ने अपना पहला रन लिया, वह भारत की ओर से महिला और पुरुष में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने रोहित शर्मा जैसे दिग्गज को भी पीछे छोड़ दिया।
स्मृति मंधाना मैच से पहले रोहित शर्मा के 4231 रनों के रिकॉर्ड की बराबरी पर थीं। रोहित ने यह आंकड़ा 159 टी20 मैचों में हासिल किया था। डरबन में अपना पहला रन लेते ही मंधाना ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने 14 गेंदों पर 13 रन की पारी खेली। अब उनके नाम 161 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 4244 रन हो गए हैं।
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन:
- स्मृति मंधाना – 4244 रन
- रोहित शर्मा – 4231 रन
- विराट कोहली – 4188 रन
- हरमनप्रीत कौर – 3869 रन
स्मृति मंधाना ने यह उपलब्धि ऐसे समय हासिल की है, जब भारतीय महिला क्रिकेट लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से कई मैच जिताए हैं और टीम की सबसे भरोसेमंद ओपनर बनकर उभरी हैं।
2013 में स्मृति मंधाना ने किया T20I डेब्यू, अब रचा इतिहास
स्मृति मंधाना ने साल 2013 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक वह भारतीय महिला टीम की सबसे भरोसेमंद और आक्रामक बल्लेबाज बनी हुई हैं। उनके नाम अब तक 1 शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 47 रन बनाए, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स (36) और शेफाली वर्मा (34) ने उपयोगी पारियां खेलीं। स्मृति मंधाना के बल्ले से बड़ी पारी नहीं आई, फिर भी उन्होंने अपने नाम बड़ी उपलब्धि करने में कामयाबी हासिल की।
लेखक के बारे में
मैं अभय कुमार, 2 साल के अनुभव के साथ हिंदी क्रिकेट कंटेंट राइटर हूं। IPL, इंटरनेशनल क्रिकेट, मैच रिपोर्ट्स, रिकॉर्ड्स, आंकड़ों और खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर आसान, साफ और दिलचस्प भाषा में लिखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि क्रिकेट से जुड़ी हर बड़ी अपडेट पाठकों तक तेज, भरोसेमंद और आकर्षक अंदाज में पहुंचे।




